गोंडा में आपसी रंजिश में लाठी-सरिया से हमला, तीन घायल; एक की मौत

गोंडा की नगर कोतवाली के खैरा खास में पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष ने लाठी-डंडा व सरिया से हमला कर दिया। हमले में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 05:25 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 08:12 AM (IST)
गोंडा में आपसी रंजिश में लाठी-सरिया से हमला, तीन घायल; एक की मौत
गोंडा में आपसी रंजिश में तीन घायल एक की मौत।

गोंडा, जेएनएन। नगर कोतवाली के खैरा खास में पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष ने लाठी-डंडा व सरिया से हमला कर दिया। हमले में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया। वहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर चार नामजद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में खैराखास निवासी कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बुधवार की देर रात उसका भाई अशोक यादव गांव से घर जा रहा था। रास्ते में विपक्षी भगवान प्रसाद, महेश, सर्वेश व प्रमोद ने उस पर लाठी-डंडा व सरिया से हमला कर दिया। विपक्षी जब उसे मारने लगे तो पवन कुमार यादव व उसकी मां राम शिरोमणी बचाने पहुंचीं तो विपक्षियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। इसमें तीनों घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से गंभीर हालत में अशोक यादव को लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां उसकी मौत हो गई। चर्चा है कि कृष्ण कुमार के परिवारजन प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं।  इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ है। नगर कोतवाल आलोक राव ने बताया कि घायल अशोक यादव की लखनऊ में मौत हो गई। आरोपित भगवान प्रसाद, महेश, सर्वेश व प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी संतोष कुमार मिश्र का कहना है कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव को लेकर पुलिस मुस्तैद है। चुनाव में खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

चुनाव को लेकर पूर्व में भी हो चुकी है घटना: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बीते दिनों तरबगंज थाने के एक गांव में भी दो पक्षों में मारपीट हो चुकी है। फायरिंग भी हुई थी। आरोप था कि चुनाव लड़ रहा एक पक्ष मतदाताओं को रिझाने के लिए साड़ी व अन्य सामान वितरित कर रहा था। दूसरे पक्ष ने विरोध किया तो मारपीट हो गई।

chat bot
आपका साथी