श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण पर यूपी में तीन दिवसीय दीपोत्सव, गांव-गांव सीधा प्रसारण

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण समारोह का सीधा प्रसारण प्रदेश के हर गांव मठ-मंदिर में कराया जाएगा। इसके साथ ही 13 14 और 15 दिसंबर को प्रदेशभर में दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 02:53 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 05:02 PM (IST)
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण पर यूपी में तीन दिवसीय दीपोत्सव, गांव-गांव सीधा प्रसारण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर का लोकार्पण 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री करेंगे।

लखनऊ, जेएनएन। वाराणसी में बाबा दरबार से गंगधार तक विस्तारित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर का लोकार्पण 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि लोकार्पण समारोह का सीधा प्रसारण प्रदेश के हर गांव, मठ-मंदिर में कराया जाएगा। इसके साथ ही 12, 13 और 14 दिसंबर को प्रदेशभर में दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण अवसर पर पूरे देश से धर्माचार्य, साधु-संत और प्रबुद्धजन शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के अनोखे तारतम्य, समाजिक समरसता, एकता और अखंडता का प्रतीक होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो संकल्प लिया था वह मूर्त रूप लेने वाला है। इस  कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी स्तर पर कई कार्यक्रमों की रचना की है। ये आयोजन पूरे प्रदेश में एक महीने तक चलेंगे। ये कार्यक्रम 13 दिसंबर से शुरू होकर मकर संक्रांति यानि 14 जनवरी तक चलेंगे। इन कार्यक्रमों में पार्टी के जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी गांवों, शक्ति केंद्रों, शिवालय और मठ-मंदिरों में लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता साधु-संत और श्रद्धालुगण के साथ शामिल होंगे। इन सभी कार्यक्रमों में धर्माचार्यों को पार्टी सम्मानित भी करेगी। इससे पहले आठ से 12 तारीख तक स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। काशी में इसकी शुरुआत हो चुकी है। वहां के हर वार्ड में यह अभियान चल रहा है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण अवसर पर 12, 13 और 14 दिसंबर को प्रदेशवासी दीपक जलाकर अपने घरों में भगवान शिव का आह्वान करेंगे। भाजपा इसके लिए अभियान चलाएगी। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि 13 दिसंबर को काशी में लेजर शो के साथ पूरा शहर रोशनी जगमग होगा। 14 दिसंबर को भाजपा के वर्तमान मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री का सम्मेलन आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। 17 दिसंबर को महापौर सम्मेलन का आयोजन होगा। इसके बाद प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सम्मेलन भी आयोजित होगा। दिव्य काशी-भव्य काशी के संबंध में सरकारी पुस्तिका और प्रसाद का वितरण पांच लाख घरों में किया जाएगा। आगामी 12 जनवरी, 2022 को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर काशी में युवा सम्मेलन का आयोजन होगा।

chat bot
आपका साथी