पिछले साल से ज्यादा ठंडा है इस बार का दिसंबर, शुक्रवार से सर्दी और बढ़ेगी

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 13 Dec 2018 09:33 PM (IST) Updated:Fri, 14 Dec 2018 07:10 AM (IST)
पिछले साल से ज्यादा ठंडा है इस बार का दिसंबर, शुक्रवार से सर्दी और बढ़ेगी
पिछले साल से ज्यादा ठंडा है इस बार का दिसंबर, शुक्रवार से सर्दी और बढ़ेगी

लखनऊ, जेएनएन । राजधानीवासियों को भले ही दिन की खुली धूप में ठंड का अहसास न हो रहा हो लेकिन हकीकत ये है कि दिसंबर इस बार पिछले साल के मुकाबले ज्यादा सर्द है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान बीते वर्ष के मुकाबले तीन से चार डिग्री कम है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से मौसम कुछ और सर्द होने के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों से आ रही उत्तरी पश्चिमी हवा से मैदानी इलाकों में गलन बढ़ेगी।

मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो साफ हो जाएगा कि बीते वर्ष आठ से 13 दिसंबर के बीच जहां अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा था। वहीं, न्यूनतम तापमान दस डिग्री के आसपास रिकार्ड किया गया था। जबकि, इस बार अधिकतम तापमान जहां 22-23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान आठ-नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बुधवार को बदली के साथ बूंदाबांदी भी हुई थी। इससे लग रहा था कि ठंड बढ़ेगी। लेकिन गुरुवार को सुबह से ही मौसम साफ था। इसके चलते तापमान में वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जोकि बुधवार के मुकाबले अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में फिलहाल मौसम साफ रहेगा। लेकिन शुक्रवार से चलने वाली उत्तरी-पश्चिमी हवा से गलन बढ़ेगी। सुबह-शाम कोहरा भी रहेगा। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी।

chat bot
आपका साथी