Corona Vaccination in UP: 1 माह से पूर्व ही 1 करोड़ का लक्ष्य पूरा, अब तक कुल 2.88 करोड़ लगी वैक्सीन

Corona Vaccination in UP उत्तर प्रदेश में जून महीने में एक करोड़ कोरोना टीके लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया था और इसे 24 वें दिन ही हासिल कर लिया गया। अब प्रतिदिन औसतन साढ़े सात लाख से आठ लाख तक टीके लगाए जा रहे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 07:00 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 03:20 PM (IST)
Corona Vaccination in UP: 1 माह से पूर्व ही 1 करोड़ का लक्ष्य पूरा, अब तक कुल 2.88 करोड़ लगी वैक्सीन
जून में एक करोड़ कोरोना टीके लगाने के लक्ष्य छह दिन पहले ही पूरा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोरोना टीकाकरण लक्ष्य से दो कदम आगे चल रहा है। जून में एक करोड़ टीके लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया था और इसे 24 वें दिन ही हासिल कर लिया गया। अब प्रतिदिन औसतन साढ़े सात लाख से आठ लाख तक टीके लगाए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में कुल 2.88 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। 2.46 करोड़ लोगों ने कोरोना की पहली डोज और 41.89 लाख लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है।

जून में एक करोड़ कोरोना टीके लगाने के लक्ष्य को छह दिन पहले ही हासिल किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताई है। गुरुवार को उन्होंने ट्वीट कर लोगों से अपील की कि वे जीत का टीका अविलंब लगवाएं। सीएम योगी ने कहा कि बेहतर ढंग से किए गए प्रयासों से ही हम छह दिन पहले लक्ष्य हासिल करने में सफल रहे। अब तक प्रदेश में 2.89 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।

आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने जून माह में एक करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया था।

नियोजित प्रयासों से आज 06 दिन पूर्व ही यह लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया।

अब तक 02.89 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं।

आप भी अविलंब लगवाएं "टीका जीत का"

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 24, 2021

ब्लाक को क्लस्टर में बांटकर टीकाकरण : उत्तर प्रदेश में बीते 21 जून से सभी जिलों में एक तिहाई ब्लाक को क्लस्टर में बांटकर टीकाकरण किया जा रहा है। एक ब्लाक को चार से लेकर 12 क्लस्टर में विभाजित कर गांव-गांव टीमें जाकर वैक्सीन लगा रही हैं। आशा वर्कर की मदद से बुलावा पर्ची भेजकर लोगों को टीका लगवाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। गांव में पंचायत भवन व प्राइमरी स्कूलों में टीके लगाए जा रहे हैं। एक जुलाई से सभी जिलों के सभी ब्लाक में यह अभियान चलेगा।

जुलाई में प्रतिदन 10 लाख टीकाकारण का लक्ष्य : एक जुलाई से प्रतिदिन 10 लाख से 12 लाख तक वैक्सीन और फिर आगे 15 लाख वैक्सीन प्रतिदिन लगाए जाने का लक्ष्य है। अब तक कुल 2.88 करोड़ टीके लगाए गए हैं उसमें 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु के 91.32 लाख लोगों ने, 45 वर्ष से 59 साल की आयु के 92.69 लाख लोगों ने और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 62.32 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। मालूम हो कि 18 वर्ष से 44 वर्ष के नौ करोड़ और 45 साल से ज्यादा आयु के चार करोड़ लोगों को टीके लगाए जाने हैं। अगर यही रफ्तार रही तो दिसंबर तक 13 करोड़ लोगों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य 30 सितंबर तक हासिल किया जा सकता है।

टीकाकरण में नहीं बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी : कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं पीछे हैं। आधी आबादी टीके लगवाने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रही। महिलाओं का रुझान बढ़ाने के लिए विशेष टीकाकरण केंद्र हर जिले में बनाए गए हैं लेकिन फिर भी महिलाएं पीछे हैं। अब तक हुए टीकाकरण में 57 प्रतिशत पुरुषों और 43 फीसद महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है। प्रदेश में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शुरुआत से ही महिलाएं पुरुषों से पीछे चल रही हैं। 31 मई तक कुल 1.83 करोड़ लोग वैक्सीन लगवा चुके थे। इसमें 1.48 करोड़ ने पहली डोज और 34.80 लाख लोगों ने दूसरी डोज लगवाई थी। उस समय तक 85.58 लाख पुरुषों और 63.94 लाख महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई थी। यानी 57 प्रतिशत पुरुषों ने और 43 फीसद महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई थी।

57 प्रतिशत पुरुष व 43 फीसद महिलाओं ने लगवाए टीके : 10 जून तक 2.20 करोड़ टीके प्रदेश में लगाए जा चुके थे। इसमें 1.82 करोड़ लोगों ने पहली और 37.28 लाख ने दूसरी डोज लगवाई थी। उस समय 1.04 करोड़ पुरुषों ने और 78.02 लाख महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई थी। यानी 57 फीसद पुरुषों और 43 प्रतिशत महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई थी। उधर गुरुवार तक 2.88 करोड़ लोग वैक्सीन लगवाई है। इसमें 2.46 करोड़ ने पहली और 41.89 लाख ने दूसरी डोज लगवाई है। अब तक 1.41 करोड़ पुरुषों और 42.6 प्रतिशत महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है। यानी अब तक 57.4 प्रतिशत पुरुषों और 42.6 फीसद महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है। फिलहाल अब घर-घर बुलावा पर्ची भेजकर लोगों को टीकाकरण के लिए आमंत्रित करने का अभियान सभी जिलों के एक तिहाई ब्लाक में शुरू हो चुका है। एक जुलाई से यह जिले के सभी ब्लाक में शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा वर्कर की मदद से महिलाओं को टीकाकरण केंद्र तक लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी