UP Weather Update : यूपी में गर्मी-उमस के बीच मौसम ने ली अचानक करवट, कई इलाकों में झमाझम बारिश

उत्तर प्रदेश में गर्मी-उमस के बीच अचानक मौसम ने करवट ली है। गुरुवार सुबह से राज्य के ज्यादातर इलाकों में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानी के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में चक्रवाती तूफान नोल ने अपना असर दिखाया है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 11:00 AM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 07:07 PM (IST)
UP Weather Update : यूपी में गर्मी-उमस के बीच मौसम ने ली अचानक करवट, कई इलाकों में झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश में गुरुवार सुबह से ज्यादातर इलाकों में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हो रही है। (फोटो जागरण)

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में गर्मी-उमस के बीच अचानक मौसम ने करवट ली है। गुरुवार सुबह से राज्य के ज्यादातर इलाकों में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानी के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में चक्रवाती तूफान 'नोल' ने अपना असर दिखाया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न अंचलों में कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण पूर्वी हवाएं एक-दो दिन चलती रहेगी, हालांकि शुक्रवार से बादलों की आवाजाही तो रहेगी लेकिन, बारिश के आसार कम हैं।

दरअसल, बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था, हालांकि छिटपुट बारिश हो रही थी लेकिन, उमस और गर्मी से लोग बेहाल थे। अगस्त-सितंबर माह में उत्तर प्रदेश में मानसून कम मेहरबान रहा। प्रदेश में जून से अब तक सामान्य 782.3 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि 583.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जो लगभग 25 से 30 प्रतिशत कम है। वहीं, राजधानी लखनऊ में भी 43 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य 796.5 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जिसके मुकाबले 460.6 मिलीमीटर बारिश ही अब तक हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते मानसून फिर एक बार सक्रिय हुआ है। राजधानी में मंगलवार की शाम ठंडी हवाओं से मौसम बेहद सुहावना हो गया। देर रात हुई झमाझम बारिश के कई इलाकों में कुछ देर के लिए जलभराव भी हो गया। बुधवार को तापमान सामान्य के मुकाबले चार डिग्री नीचे लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चक्रवाती तूफान 'नोल' के प्रभाव से झमाझम बारिश : करीब पांच दिन पहले फिलीपींस के पूर्व में विकसित चक्रवाती तूफान नोल वियतनाम, थाईलैंड को पार करते हुए 20 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में पहुंच गया। यहां इसकी गति काफी कम हो गई और वहां पर बड़े क्षेत्र में निम्न वायुदाब का क्षेत्र विकसित हो गया। बंगाल की खाड़ी व ओडिशा के तटों के पास पहले से ही मानसूनी सिस्टम बना था। दोनों के मिलने से निम्न वायुदाब और मजबूत हो गया, जिससे देश के पूर्वी और मध्य भागों पर बारिश के आसार बन गए। अब ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नोल के प्रभाव से दो दिन बारिश की संभावना है। बदली छाई रहेगी। बिजली चमकने की आशंका है।

लखीमपुर :बुधवार की रात से बारिश के साथ आई तेज हवा ने धान की फसल को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है। खेतों में लगभग तैयार खड़ी धान की फसल हवा के तेज झोंकों में जमीन पर बिछ गई। किसानों की मानें तो जमीन पर गिरने से धान की पैदावार में भारी गिरावट आएगी। कृषि वैज्ञानिकों और जिला कृषि अधिकारी का मानना है कि जिन किसानों की धान की फसल गिरी है उनका 25 से 30 फीसद तक उत्पादन कम होगा।खेत मे पानी होने से नीचे की फसल सड़ जाएगी।चूहे व अन्य जानवर भी नुकसान पहुंचाएंगे।गन्ना और दलहनी फसलों को भी नुकसान है।तेज हवा से जहां फसल गिरी नही है।वहां इस बरसात से फायदा है।

बलरामपुर : विदाई के समय मानसून के तेवर देख किसान सहम गए हैं। बुधवार से हो रही बारिश से खेतों में पानी भर गया है। लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में अगेती धान की फसल गिर गई है। फसल गिरने से किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। नगर के कई मुहल्लों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी