सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव का प्रदेश सरकार पर हमला, कहा-भाजपा ने नौजवानों के साथ भी किया धोखा

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में अब चंद महीने ही बचे हैं। तमाम दावों के बावजूद न तो बाहर से पूंजी निवेश हो रहा है और न ही उद्योग लग रहे हैं। मध्यम और लघु उद्योगों की हालत खराब है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 09:25 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 10:47 PM (IST)
सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव का प्रदेश सरकार पर हमला, कहा-भाजपा ने नौजवानों के साथ भी किया धोखा
सपा अध्यक्ष ने कहा, हर साल 70 लाख नौकरी देने का वादा भी नहीं किया पूरा।

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों की तरह नौजवानों के साथ भी बड़ा धोखा किया है। भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र में हर साल 70 लाख नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया। कोरोना संक्रमण काल में हुए लाकडाउन के दौरान लाखों नौजवानों की नौकरियां छूट गईं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में अब चंद महीने ही बचे हैं। तमाम दावों के बावजूद न तो बाहर से पूंजी निवेश हो रहा है और न ही उद्योग लग रहे हैं। मध्यम और लघु उद्योगों की हालत खराब है। रोजगार के अवसर समाप्त हो रहे हैं।

बेरोजगारी के इस दौर में लाखों नौकरियां बांटने का तमाशा हो रहा है, जबकि आए दिन नौजवान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनावों में अपनी हार निश्चित जानकर हताशा में भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री सच्चाई छुपाने का अभियान चला रहे हैं, लेकिन सच कभी छिपता नहीं है। झूठ के पैर टिकते नहीं हैं। यह बात भाजपा को याद रखनी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि राज्य के करोड़ों नौजवान भाजपा सरकार में बेरोजगारी के शिकार हो गए हैं।

भाजपा अब करे अपने नाम की नई व्याख्या : अखिलेश ने मंगलवार को ट्वीट किया कि आम जनता की जासूसी कराने के कारण भाजपा ने अब अपने नाम में 'जनता' शब्द लगाने का नैतिक अधिकार खो दिया है। भाजपा को अब अपने नाम की नई व्याख्या करनी चाहिए।  

व्यापारियों को जोडऩे में जुटी समाजवादी व्यापार सभा : समाजवादी व्यापार सभा 'व्यापारी जोड़ो और भाजपा की पोल खोलो' अभियान के तहत चौपाल व जिला स्तरीय सम्मेलन कर व्यापारियों को लुभाने में जुटी है। व्यापार सभा के नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान व्यापारियों को भाजपा की व्यापारी विरोधी नीतियों, नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई, अपराध व इंस्पेक्टर राज से हो रहे नुकसान बताकर उन्हें जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग और महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने सहारनपुर, चित्रकूट, हमीरपुर, बांदा, शाहजहांपुर, कानपुर, फतेहपुर व कानपुर ग्रामीण जिले की कमान संभाली है। इन जिलों में चौपाल व सम्मेलन हो रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में गाजीपुर, जौनपुर व वाराणसी जिले में व्यापारी सम्मेलन किए जा रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष पवन मनोचा के नेतृत्व में हरदोई व रायबरेली जिले में तथा अजय सूद के नेतृत्व में मथुरा व झांसी जिले में व्यापारियों को जोडऩे के कार्यक्रम चल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी