सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों से किया वादा, सपा सरकार में बढ़ाएंगे सच्चा मान और गन्ने का दाम

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जाते-जाते गन्ना किसानों के बकाए का ब्याज न सही केवल मूल ही चुका दे तो बड़ी बात होगी। ब्याज अदायगी की बात तो अब भाजपा नेता भूलकर भी नहीं करते हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 08:45 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 01:13 AM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों से किया वादा, सपा सरकार में बढ़ाएंगे सच्चा मान और गन्ने का दाम
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में किसान और बुनकर तबाह हैं। सरकार ने पहले किसानों का मान गिराया फिर नाम भर के लिए दाम बढ़ा दिया। भाजपा का यह चुनावी हथकंडा अब प्रदेश में चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों का सच्चा मान बढ़ाया जाएगा। साथ ही गन्ने की मिठास व दाम बढ़ाए जाएंगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जाते-जाते गन्ना किसानों के बकाए का ब्याज न सही, केवल मूल ही चुका दे तो बड़ी बात होगी। ब्याज अदायगी की बात तो अब भाजपा नेता भूलकर भी नहीं करते हैं। भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र के वादों को भुलाकर जनता के साथ छल किया है। किसान तीन काले कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर 10 महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है बल्कि अपमानित कर रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद न होने से किसान को अपना अनाज बिचौलियों को औने-पौने दाम पर बेचना पड़ रहा है। देश के अन्नदाता का सम्मान न करने वाली दंभी भाजपा सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। किसान आंदोलन भाजपा के अंदर टूटन का कारण बनने लगा है।

भाजपा विकास के रास्ते बनाना नहीं जानती : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के पूरा होने पर खुशी व दुख दोनों एक साथ जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि, '...पूर्वांचल की गरीबी व पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जिस समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया था उसके पूरा होने की खुशी है, पर ये दुख भी है कि भाजपा ने इसके मूल स्वरूप व गुणवत्ता से समझौता किया है। भाजपा विकास के रास्ते बनाना नहीं जानती है।' वहीं, एक दूसरे ट्वीट में कहा कि 'भारत बंद' की राष्ट्रव्यापी सफलता ने सत्तारूढ़ भाजपा के हाथ-पैर फुला दिए हैं। भाजपा के नेता व समर्थक आज घर से निकलने का साहस नहीं जुटा पाए। भाजपा चुनाव जीतने के लिए जिन पूंजीपतियों की ऋणी रही है उनके इशारे पर ही काम कर रही है।

chat bot
आपका साथी