अखिलेश यादव ने महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा, कहा- भाजपा का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा साबित हुआ है। वादाखिलाफी का उनका रिकार्ड जनता के सामने है। जनता ही उनको वादा स्मरण कराएगी। वादा न निभाने का दंड भी वर्ष 2022 के चुनाव में देगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 08:50 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 10:58 PM (IST)
अखिलेश यादव ने महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा, कहा- भाजपा का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के राज में बेकारी-बेरोजगारी रिकार्ड तोड़ रही है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में बेकारी-बेरोजगारी रिकार्ड तोड़ रही है। महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस सबके दाम आसमान छू रहे हैं। न मनरेगा में काम है, न स्किल मैपिंग का कहीं अता-पता है। व्यापार, कारोबार, दुकानदारी सब ठप है। लघु-मध्यम उद्योग बर्बाद हो रहे हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा साबित हुआ है। वादाखिलाफी का उनका रिकार्ड जनता के सामने है। जनता ही उनको वादा स्मरण कराएगी। वादा न निभाने का दंड भी वर्ष 2022 के चुनाव में देगी। बंदरबांट में उलझी भाजपा सरकार से जनता को कोई उम्मीद नहीं बची है। कोरोना संक्रमण, जानलेवा ब्लैक फंगस के महंगे इलाज में सरकार की लापरवाही सामने आ चुकी है। जीवन रक्षक दवाइयों के अकाल और ठप विकास कार्यों के साथ हर मोर्चे पर भाजपा सरकार विफल रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समय से प्रभावी कदम न उठाने, स्थितियों के सही आकलन में विफलता और गलत प्रबंधन के चलते उत्तर प्रदेश भाजपा राज में आंकड़े बताते हैं कि आबादी के हिसाब से टीकाकरण में यूपी पिछड़ा हुआ है। नीति आयोग के रिकार्ड में उत्तर प्रदेश को सबसे फिसड्डी राज्य का दर्जा मिला हुआ है। भुखमरी, गरीबी, भेदभाव और इंडस्ट्री व इंफ्रास्ट्रक्चर आदि सूचकांक रैंकिंग में राज्य बदहाल है।

समाजवादी पिछड़ा वर्ग के 15 जिला व महानगर अध्यक्ष घोषित : समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डा.राजपाल कश्यप ने शुक्रवार को 15 जिला व महानगर अध्यक्ष घोषित कर दिए। सुरेन्द्र मौर्य को गोरखपुर का जिलाध्यक्ष, रामकान्त निषाद को देवरिया का जिलाध्यक्ष, ज्ञान चन्द्र चौधरी को बस्ती का जिलाध्यक्ष, राजेश वर्मा को फीरोजाबाद का महानगर अध्यक्ष और आइपी कश्यप को अलीगढ़ का महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। मोरध्वज लोधी को बुलंदशहर का जिलाध्यक्ष, जय यादव को गौतमबुद्धनगर का जिलाध्यक्ष, दिनेश कुमार बघेल को नोएडा का महानगर अध्यक्ष व रणधीर चौधरी को नोएडा ग्रामीण का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार चौधरी हरेन्द्र सिंह को गाजियाबाद का जिलाध्यक्ष, विजयपाल कश्यप को मेरठ का महानगर अध्यक्ष, रामकिशन लोधी को उन्नाव का जिलाध्यक्ष, सुरेश कश्यप को पीलीभीत का जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। केपी यादव को गाजियाबाद का महानगर अध्यक्ष और शिवकुमार जायसवाल को लखनऊ का महानगर नियुक्त किया गया है।

बसपा नेता कमलेश गुप्ता सपा में शामिल : प्रयागराज की हंडिया विधानसभा के बसपा नेता कमलेश गुप्ता शुक्रवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य जगजीवन प्रसाद उपस्थित थे। बांदा नरैनी विधानसभा के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य कल्लू राम भारतीय व प्रधान रामप्रकाश गौतम ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

chat bot
आपका साथी