सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव फिर बोले 'अबकी बार 400 पार', भाजपा सरकार हटाने तक चलेगी क्रांति यात्रा

जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के अध्यक्ष डा.संजय सि‍ंह चौहान की जनवादी जनक्रांति यात्रा के समापन समारोह में अखिलेश ने आगामी विधानसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतने की बात फिर दोहराई। कहा कि भाजपा सरकार से जनता बहुत नाराज है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 02 Sep 2021 08:18 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 12:42 AM (IST)
सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव फिर बोले 'अबकी बार 400 पार', भाजपा सरकार हटाने तक चलेगी क्रांति यात्रा
16 अगस्त को बलिया से शुरू हुई यात्रा पूर्वांचल के डेढ़ दर्जन जिलों में होती हुई गुरुवार को लखनऊ पहुंची।

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में समाजवादी पार्टी की कई यात्राएं चल रही हैं। इनमें प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की किसान-नौजवान-पटेल यात्रा, अधिवक्ता सभा की संविधान बचाओ संकल्प यात्रा, सपा के राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज की जनादेश यात्रा व महान दल की जनाक्रोश यात्रा आदि हैं। अखिलेश ने कहा कि जिन जिलों से ये यात्राएं निकली हैं, वहां भाजपा का सफाया तय है। यह यात्राएं 2022 में भाजपा सरकार हटाने तक चलेंगी।

जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के अध्यक्ष डा.संजय सि‍ंह चौहान की जनवादी जनक्रांति यात्रा के समापन समारोह में अखिलेश ने आगामी विधानसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतने की बात फिर दोहराई। कहा कि भाजपा सरकार से जनता बहुत नाराज है। वह एक दिन भी भाजपा को सत्ता में नहीं देखना चाहती है। इसलिए समाजवादियों ने 'अबकी बार 400 पार' का नारा दिया है। अखिलेश ने कहा कि डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ गए हैं। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, लेकिन गैस सिलेंडर के दाम दोगुने जरूर हो गए। ऐसी सरकार नहीं चाहिए।

16 अगस्त को बलिया से शुरू हुई यात्रा पूर्वांचल के डेढ़ दर्जन जिलों में होती हुई गुरुवार को लखनऊ पहुंची। जनवादी पार्टी के अध्यक्ष संजय चौहान ने कहा कि प्रदेश में दलित और पिछड़ा वर्ग, शोषण मुक्त समाज के लिए सपा को वोट करेगा। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी, सलीम शेरवानी, राजेन्द्र चौधरी, शिवाकांत ओझा, उदयवीर सि‍ंह आदि उपस्थित थे।

सपा ही लड़ सकती है सामाजिक न्याय की लड़ाई : मुलायम

विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही मुलायम सि‍ंह यादव फिर सक्रिय हो गए हैं। बीमारी से उबरने के बाद मुलायम पिछले कुछ दिनों से थोड़ी देर के लिए पार्टी कार्यालय भी आ रहे हैं। गुरुवार को भी सपा कार्यालय में जनवादी जनक्रांति यात्रा के समापन समारोह में अचानक मुलायम सि‍ंह पहुंच गए। उनके कार्यक्रम में पहुंचते ही अखिलेश अपनी कुर्सी छोड़कर खड़े हो गए और सबसे पहले उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपनी कुर्सी पर उन्हें बैठाया। इस मौके पर सपा संरक्षक मुलायम सि‍ंह यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनाकर इस क्रांति यात्रा का मकसद पूरा करें। उन्होंने कहा कि सपा ही सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ सकती है और सभी को अधिकार दिला सकती है। इसके बाद जब अखिलेश बोलने के लिए खड़े हुए तो मुलायम ने पास लगे माइक को अखिलेश की तरफ बढ़ाया।

chat bot
आपका साथी