सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से बर्बाद हो रहे व्यापारी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी से परेशान व्यापारियों की हालत लाकडाउन से खराब हो चुकी है। उन पर तमाम पाबंदियां लगाकर अपमानित-लांछित भी किया जा रहा है। इस कारण मुरादाबाद के पीतल कारोबार की सांसें टूटती जा रही हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 07:00 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 07:44 AM (IST)
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से बर्बाद हो रहे व्यापारी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी से परेशान व्यापारियों की हालत खराब हो चुकी है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में दुकानदारी, कारोबार और व्यापार सब बर्बाद हो चुका है। करोड़ों व्यापारी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का शिकार होकर अपने घर के गहने व जेवर आदि गिरवी रखने को मजबूर हो रहे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि नोटबंदी व जीएसटी से परेशान व्यापारियों की हालत लाकडाउन से खराब हो चुकी है। उन पर तमाम पाबंदियां लगाकर अपमानित-लांछित भी किया जा रहा है। इस कारण मुरादाबाद के पीतल कारोबार की सांसें टूटती जा रही हैं। फर्नीचर कारोबारियों का भी बुरा हाल है। 60 प्रतिशत काम में गिरावट आई है। 15 हजार करोड़ का नुकसान अनुमानित है। लखनऊ में करीब 1.25 लाख कारोबारियों को 12,650 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि छोटे दुकानदारों व ठेला, पटरी पर छोटा मोटा सामान बेचने वालों को 10 हजार रुपये दिलवाने का वादा किया किया, लेकिन मिला धेला भी नही। दुकानबंदी के समय से पूर्व ही पुलिस का उनके साथ दुर्व्यवहार शर्मनाक है। भाजपा संरक्षित अपराधियों ने काला बाजार को खूब बढ़ावा दिया। जहरीली शराब और दवाएं, इंजेक्शन, आक्सीजन के सौदागरों ने कमाई की। गरीब की जान सांसत में रही।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले वर्ष घोषित 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज से किसी का कोई लाभ नहीं हुआ। छोटे दुकानदारों को धोखा मिला है, जबकि चुनिंदा कारपोरेट घरानों को सभी सहूलियतें देकर उनकी आमदनी दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ाई गई है। उन्होंने तंज किया कि भाजपा को गलतफहमी है कि व्यापारी उत्पीड़न के बावजूद उनके साथ में रहेंगे, जबकि व्यापारी 2022 में भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी में हैं। उनका भरोसा समाजवादी पार्टी पर है।

युवजन सभा में तीन प्रदेश सचिव नामित : समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने अलीगढ़ के कपिल शर्मा, गाजीपुर के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह तथा संतकबीरनगर के राजीव यादव को प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा आजमगढ़ के परमानंद यादव को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य नामित किया गया है। गिरी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव की नीतियों व कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी