अंबेडकरनगर में सपा-बसपा नेताओं ने एक दूसरे की फाड़ी होर्डिंग, विवाद के बाद थाने में दर्ज हुआ मामला

जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग हटाने और लगाने को लेकर सपा-बसपा में जंग छिड़ गई है। बसपा ने सपा नेता व पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा की होर्डिंग को बसपाइयों ने फाड़ा तो सपाइयों ने बसपा नेता और पूर्व मंत्री रामअचल राजभर की होर्डिंग हटा दी।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sun, 14 Mar 2021 09:29 AM (IST) Updated:Sun, 14 Mar 2021 09:29 AM (IST)
अंबेडकरनगर में सपा-बसपा नेताओं ने एक दूसरे की फाड़ी होर्डिंग, विवाद के बाद  थाने में दर्ज हुआ मामला
अंबेडकरनगर में पूर्वांचल कार्यालय के पास लगी पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा और रामअचल राजभर की होर्डिंग को लेकर घमासान।

अंबेडकरनगर, जेएनएन। जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग हटाने और लगाने को लेकर सपा-बसपा में जंग छिड़ गई है। बसपा के पूर्वांचल कार्यालय के पास लगी सपा नेता व पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा की होर्डिंग को बसपाइयों ने फाड़ा तो सपाइयों ने बसपा नेता और पूर्व मंत्री रामअचल राजभर की होर्डिंग हटा दी। विवाद दो बड़े सियासी दलों से जुड़ा होने के नाते पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। बसपा संस्थापक कांशीराम की 87वीं जयंती के उपलक्ष्य में पार्टी ने कार्यालय के पास पूर्व मंत्री रामअचल राजभर की होर्डिंग लगवा रखी थी। इसी के पास सपाइयों ने पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा की होर्डिंग लगवाई थी। 

सपा से जुड़े अनिल मिश्रा का आरोप है कि बसपा कार्यकर्ता शुक्रवार रात करीब 11 बजे जेसीबी लेकर पहुंचे और उनके नेता की होर्डिंग फाड़कर अपनी पार्टी की लगा दी। यही नहीं तहसील तिराहा, शहजादपुर तिराहा, शहजादपुर में फव्वारा तिराहा और दोस्तपुर रोड पर लगी उनकी पार्टी की होर्डिंग पर बसपा कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी की प्रचार सामग्री लगा दी। इसकी प्रतिक्रिया में सपा कार्यकर्ताओं ने बसपा कार्यालय पर लगी पूर्व मंत्री की होर्डिंग फाड़ दी। इससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया। दोनों पक्षों ने अकबरपुर कोतवाली में एक दूसरे की हरकतों की शिकायत की है। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से लगे आरोपों की जांच की जा रही है। अधिकारियों से निर्देश लेकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि सपा जिलाध्यक्ष रामशकल यादव से फोन पर उनके कार्यकर्ताओं की शिकायत की गई है। वहीं, सपा महासचिव मुजीब अहमद ने कहा कि उनकी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। सपा कार्यकर्ता पूरी तरह अनुशासित हैं, वे किसी की होर्डिंग फाड़ने या हटाने का कार्य नहीं कर सकते।

chat bot
आपका साथी