केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोलीं- अमेठी को वर्षों तक सिर्फ धोखा मिला

अमेठी की सांसद व केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने तिलोई के बस अड्डे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि जनता ने वर्षों तक यहां जिस परिवार को वोट दिया.. आखिर वह नागरिकों की सुुविधाओं के लिए कुछ क्यों नहीं बोला।

By Dharmendra MishraEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 03:36 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 04:26 PM (IST)
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोलीं- अमेठी को वर्षों तक सिर्फ धोखा मिला
अमेठी में स्मृति इरानी ने बस अड्डे और जनस्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया।

अमेठी, जागरण संवाददाता।  अमेठी के एक दिनी दौरे पर आई स्थानीय सांसद व केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने तिलोई के बस अड्डे का उद्घाटन किया। साथ ही करोड़ो की लागत से तैयार कई अन्य विकास योजनाओं का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अमेठी के पूर्व सांसद व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता ने वर्षों तक यहां जिस परिवार को वोट दिया.. आखिर वह नागरिकों की साधन सुविधाओं के लिए कुछ क्यों नहीं बोला। जबकि जनता आस लगाये रही। आज अवसर आया है कि सांसद व विधायक मिलकर विकास की बात कर रहे हैं।

उन्होंने महज नौ माह के भीतर बस अड्डे के निर्माण के लिए पार्टी का आभार जताया और कहा कि इसके लिए तीस वर्षों तक तिलोई की जनता को महज आस के सहारे रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता की 30 वर्षों की मांग अब महज नौ माह में ही पूरी हो गई। भाजपा की सरकार में अमेठी का तेजी से विकास हो रहा है। कांग्रेस ने अमेठी की जनता को सिर्फ धोखा दिया है। विकास के नाम पर सिर्फ वायदे किए गए। 

मंच पर पहुची ईरानी ने माँ भारती के जयकारों के साथ प्रभु श्री राम का जय घोष कराते हुए क्षेत्रीय विधायक व प्रशासन के हर एक अधिकारी का अभिनंदन किया। कहा कि अमेठी के हर अधिकारी ने विकास को मिली गति में बराबर की सहभागिता निभाई है। बस अड्डे के निर्माण को लेकर उन्होंने संसद में की गई चर्चा का जिक्र करते कहा कि संसद में यह मुद्दा उठाने पर लोग अचंभित रह गए। यह उन लोगों के लिए साधारण बात हो सकती थी, लेकिन मेरे लिए यह अहम था। क्योंकि तिलोई की जनता के लिए यह बड़ा मुद्दा था।

केन्द्रीय मंत्री ने गिनाई विकास की उपलब्धियांः केन्द्रीय मंत्री ने मंच के माध्यम से कहा कि कोरोना काल की विषम परिस्थितियों के बाद भी विकास की गति धीमी नही हुई। मेडिकल कालेज, रेफरल अस्पताल, आक्सीजन प्लांट के साथ ही मुफ्त कोरोना वैक्सीन मिली। प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से अमेठी के चौदह लाख गरीब परिवार को मुफ्त राशन मिला। साठ हजार से अधिक किसानों के धान खरीद का पंजीयन हुआ। उन्होंने चुटकी लेते हुए उन्होंने जनता से सवाल पूछा कि कांग्रेस सांसद होता तो भी यह सुविधाएं मिलतीं क्या..?

जनस्वास्थ्य मेले के उद्घाटन के बाद स्वास्थ्यकर्मियों के साथ खिंचाई फोटोः अमेठी में रविवार को लगे जनस्वास्थ्य मेले का भी स्मृति इरानी ने उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ फोटो खिंचवाई। जनस्वास्थ्य मेले में केजीएमयू में पल्मोनरी मेडिसिन के विभागध्यक्ष डा. वेद प्रकाश भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि रविवार को अमेठी के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य मेले के माध्यम से रोगियों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा दी जा रही है। इसमें कई एनजीओ सहयोग कर रहे हैं। 

ईरानी ने जनता से कराया प्रधानमन्त्री का अभिवादनः तिलोई तिलोई बस अड्डे के उद्घाटन समारोह के दौरान हजारो की भीड़ जमा थी। केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से मिल रहे मुफ्त राशन जैसी तमाम योजनाओं के लिए उनका अभिवादन किया। जनता ने भी पीएम का अभिवादन किया।

विधायक ने पूर्वांचल विकास निधि से मांगी छह सड़केंः विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने तिलोई क्षेत्र में केंद्र व प्रदेश सरकार से हुए विकास कार्यो के लिए केन्द्रीय मंत्री का आभार जताया और मजाकिया लहजे में कहा कि इतना सब कुछ देने के बाद भी हर बार फिर से मांगना ही पड़ता है। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि पूर्वांचल विकास निधि से अबतक राज्यांश नही मिल सका है। इस नाते छह सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। यह धनराशि आवंटित होने से क्षेत्र की सड़कों का निर्माण हो सकेगा। 

chat bot
आपका साथी