UP Panchayat Election 2nd Phase: गोंडा में फर्जी वोटिंग को लेकर चले बम, फायरिंग; छह घायल

जिले भर में छिटपुट घटनाओं के बीच पंचायत चुनाव संपन्न हुआ। तरबगंज में फर्जी मतदाता पहचान पत्र के सहारे मतदान कराने को लेकर बमबारी हुई और फायरिंग भी की गई। इसमें पांच लोग जख्मी हुए। वहीं मोतीगंज में एक युवक को गोली मार दी गई।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 08:31 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 08:35 AM (IST)
UP Panchayat  Election 2nd Phase: गोंडा में फर्जी वोटिंग को लेकर चले बम, फायरिंग; छह घायल
गोंडा पंचायत चुनाव में चले बम, फायरिंग में कई घायल।

गोंडा, जेएनएन। जिले भर में छिटपुट घटनाओं के बीच पंचायत चुनाव संपन्न हुआ। तरबगंज में फर्जी मतदाता पहचान पत्र के सहारे मतदान कराने को लेकर बमबारी हुई और फायरिंग भी की गई। इसमें पांच लोग जख्मी हुए। वहीं मोतीगंज में एक युवक को गोली मार दी गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तरबगंज : घांचा ग्राम पंचायत में फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनाकर वोट डलाने को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने बमबारी कर फायरिंग की। इसमें रणजीत, अभिषेक कुमार, रामप्रताप, विपिन व शिवम घायल हो गए। इसमें एक सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सरोज ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मुकदमा करके आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। सूचना पर डीएम मार्कण्डेय शाही व एसपी संतोष कुमार मिश्र मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की। वहीं करनीपुर में भी मतदान को लेकर मारपीट व झड़प की सूचना है।

मोतीगंज : बिरवाबभनी में अजय जायसवाल को दो मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। थानाध्यक्ष

ब्रह्मानन्द सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा किया जाएगा।

हलधरमऊ : कोतवाली कर्नलगंज के बांसगांव में एक बुजुर्ग दिव्यांग का वोट डलवाने के चक्कर में दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। ईंट-पत्थर भी चले। इसमें पांच लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर मामले को शांत कराया।

बेंदुली में विवाद का वीडियो वायरल

गोंडा : इटियाथोक के बेंदुली गांव में मतदान को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। बताया जाता है कि कुछ मतदाताओं को वोट डालने को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते धक्कामुक्की शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख दोनों पक्ष एकत्र हो गए। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। थानाध्यक्ष संजय कुमार दुबे ने बताया कि मामूली विवाद की सूचना थी। बाद में सब शांत हो गया। देहात कोतवाली के ठकुरापुर में भी विवाद का मामला सामने आया है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि एक व्यक्ति फर्जी वोट डालने का प्रयास कर रहा था। इसी को लेकर विवाद हुआ। मतपेटी में पानी डालने जैसी सूचना नहीं है। इसके अलावा कई अन्य गांवों में भी वोट डालने को लेकर विवाद हुआ। झड़पें भी हुईं लेकिन, बाद में सब शांत हो गया।

chat bot
आपका साथी