संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- भगवान राम सभी के, सहयोग लेने में दल और विचारधारा का न करें परहेज

संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार शाम को वृंदावन स्थित केशवधाम पहुंचे। वह सायं शाखा में प्रार्थना के दौरान शामिल रहे। इससे पहले बुलंदशहर में मोहन भागवत ने प्रात वंदना और योग के बाद संघ विहिप तथा भारतीय किसान संघ समेत अन्य संगठनों के प्रचारकों से संवाद किया।

By Umesh Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 12:07 AM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 12:56 AM (IST)
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- भगवान राम सभी के, सहयोग लेने में दल और विचारधारा का न करें परहेज
संघ प्रमुख मोहन भागवत चार दिवसीय प्रवास पर सोमवार शाम को वृंदावन स्थित केशवधाम पहुंचे।

लखनऊ, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को ब्रज प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह को लेकर मंथन किया। उन्होंने कहा कि दल और विचारधारा से ऊपर उठकर हर परिवार तक पहुंचें। प्रत्येक व्यक्ति राम का है और रामकाज में सहयोग करना चाहता है। इससे पहले बुलंदशहर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तीन दिवसीय प्रांतीय कार्यक्रम के अंतिम दिन उन्होंनेे संघ प्रचारकों समेत विश्व हिंदू परिषद, भारतीय किसान संघ के प्रांत प्रचारकों से संवाद किया। संघ की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को देशसेवा में जुटने के निर्देश दिए।

संघ प्रमुख मोहन भागवत चार दिवसीय प्रवास पर सोमवार शाम को वृंदावन स्थित केशवधाम पहुंचे। वह सायं शाखा में प्रार्थना के दौरान शामिल रहे। कार्यकारिणी बैठक में उन्होंने संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की। बैठक में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समर्पण राशि संग्रह का मुद्दा छाया रहा। इसमें प्रत्येक घर तक पहुंचने की रणनीति पर मंथन हुआ। बैठक में सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, क्षेत्र प्रचारक आलोक, प्रांत प्रचारक डा. हरीश रौतेला, प्रांत कार्यवाह राजपाल, सह प्रांत कार्यवाह राजकुमार सहित 44 पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्रजप्रांत सह प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार के अनुसार, सर संघचालक का ब्रज प्रांत में प्रवास संघ की नियमित वार्षिक प्रवास योजना का हिस्सा है। सर संघचालक प्रतिवर्ष स्वयंसेवकों के साथ बैठक में संघ कार्य की स्थिति व प्रगति की जानकारी प्राप्त करने के साथ भविष्य की कार्ययोजना को लेकर मार्गदर्शन करते हैं। 

इससे पहले बुलंदशहर में सरसंघ चालक मोहन भागवत ने सोमवार को प्रात: वंदना और योग के बाद संघ, विश्व हिंदू परिषद तथा भारतीय किसान संघ समेत अन्य संगठनों के प्रचारकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश सेवा ही स्वयंसेवकों की सच्ची साधना और जीवन का असल उद्देश्य होता है। इसी से भारत विश्व गुरु बनेगा।

सर संघचालक मोहन भागवत ने कहा, कोरोना का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। टीकाकरण भी शुरू हो गया है। कोरोना काल में स्वयं सेवकों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि भविष्य में भी किसी महामारी से निपटने के लिए उन्हें तैयार रहना चाहिए। संघ पदाधिकारियों को जगह-जगह संघ शिक्षा वर्ग कराने और शाखा विस्तार के निर्देश भी सर संघचालक ने दिए। बाद में वह स्कूल को 32 बीघा जमीन दान करने वाले राजपाल सिंह और उनके परिवार का हालचाल जाना।

प्रमुख संतों के साथ करेंगे बैठक : सर संघचालक मंगलवार को वृंदावन के प्रमुख संतों के साथ बैठक कर सकते हैं। इसमें कोर्ट पहुंचे श्रीकृष्ण जन्मस्थान विवाद के साथ फरवरी में होने वाले संत समागम को लेकर चर्चा हो सकती है।

chat bot
आपका साथी