लखनऊ में जेई के खिलाफ आय से 85.56 फीसद अधिक संपत्ति की रिपोर्ट दर्ज, केंद्रीय मंत्री से की गई थी श‍िकायत

इंस्पेक्टर सुशांंत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सि‍ंह के मुताबिक भ्रष्टाचार निवारण संगठन के इंस्पेक्टर संजय सि‍ंह ने बताया कि शासन के आदेश पर जेई की जनवरी 2009 से 31 मार्च 2018 के बीच की आय और संपत्तियों के बारे में जानकारी की गई।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 12:49 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 12:49 AM (IST)
लखनऊ में जेई के खिलाफ आय से 85.56 फीसद अधिक संपत्ति की रिपोर्ट दर्ज, केंद्रीय मंत्री से की गई थी श‍िकायत
सीतापुर की महमूदाबाद नगर पालिका परिषद के जेई चंद्रभान सि‍ंह का मामला।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। सीतापुर की महमूदाबाद नगर पालिका परिषद के जेई (अवर अभियंता) चंद्रभान सि‍ंह के खिलाफ आय से 85.56 फीसद अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया गया है। वर्ष 2009 से 2018 की संपत्ति का जब भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने ब्योरा निकाला तो यह जानकारी हुई। इसके बाद इंस्पेक्टर संजय सि‍ंह की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

इंस्पेक्टर सुशांंत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सि‍ंह के मुताबिक भ्रष्टाचार निवारण संगठन के इंस्पेक्टर संजय सि‍ंह ने बताया कि शासन के आदेश पर जेई की जनवरी 2009 से 31 मार्च 2018 के बीच की आय और संपत्तियों के बारे में जानकारी की गई। पड़ताल में पता चला कि जेई को इस दौरान वेतन के रूप में 28,91,976 रुपये मिले। एरियर के रूप में 71,208 रुपये, बोनस के रूप में 37,944 रुपये और बैंक ब्याज से 60,963 रुपये मिले। वहीं, इस दौरान खर्च और खरीदी गई संपत्तियों में जेई ने सीतापुर के घंटाघर में लक्ष्मी मार्केट नाम से कांप्लेक्स 15,14,475 रुपये में खरीदा। बेटे की पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च किए। कई और संपत्तियां खरीदीं। कुल आय से 85.56 फीसद संपत्ति अधिक मिली। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।

केंद्रीय मंत्री की शिकायत पर हुई कार्रवाई : सूत्रों के अनुसार जेई के भ्रष्टाचार में संलिप्त होने की शिकायत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर से की गई थी। उन्होंने अगस्त 2020 में इसकी शिकायत अपर मुख्य सचिव गृह से की थी। इसके बाद कुछ अन्य लोगोंं ने भी जेई के भ्रष्टाचार की शिकायत की। जांच में सभी आरोप सही पाए गए। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।

chat bot
आपका साथी