Ayodhya Ram Mandir News: 30 हजार दीयों से आलोकित होगा रामजन्मभूमि परिसर, जान‍िए क्‍या है पूरी तैयारी

दीपोत्सव में राम की पैड़ी के 32 घाटों पर नौ लाख दीपक लगाए जाएंगे जिसमें सात लाख 51 हजार दीपकों को एक समय में जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पर्यटन विभाग मंदिरों को दीया बाती और तेल उपलब्ध कराएगा।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 08:23 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 08:23 PM (IST)
Ayodhya Ram Mandir News: 30 हजार दीयों से आलोकित होगा रामजन्मभूमि परिसर, जान‍िए क्‍या है पूरी तैयारी
राम की पैड़ी के अतिरिक्त राम नगरी के मंदिरों व प्रमुख स्थलों पर जलेंगे करीब तीन लाख 63 हजार दीपक

अयोध्‍या, [नवनीत श्रीवास्तव]। अब तक के सबसे भव्य दीपोत्सव में रामजन्मभूमि परिसर भी 30 हजार दीयों से आलोकित होगा। रामजन्मभूमि परिसर के साथ ही 38 प्रमुख मंदिरों में करीब डेढ़ लाख दीपक जलाए जाएंगे। भगवान राम के अनुज भरत की तपस्थली भरतकुंड को भी 20 हजार दीपों से रोशन किया जाएगा। यह उन नौ लाख दीयों से अलग होंगे जो दीपावली पर जलाए जाएंगे। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पर्यटन विभाग मंदिरों को दीया, बाती और तेल उपलब्ध कराएगा। प्रमुख मंदिरों के साथ ही रामनगरी के प्रमुख मार्ग व स्थल एवं 47 विद्यालय भी एक-एक हजार दीपों की रोशनी से जगमग होंगे।

दीपोत्सव में राम की पैड़ी के 32 घाटों पर नौ लाख दीपक लगाए जाएंगे, जिसमें सात लाख 51 हजार दीपकों को एक समय में जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, शासन स्तर पर यह विचार भी चल रहा है कि एक साथ जलाने के लिए सात लाख 51 हजार के लक्ष्य को बढ़ाकर नौ लाख किया जाए। इसके लिए डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 24 विभागों, 15 महाविद्यालयों, पांच इंटर कालेजों के छात्र व 40 स्वयंसेवी संस्थाओं के करीब 12 हजार स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी दी गई है।

राम की पैड़ी के अतिरिक्त राम नगरी में करीब तीन लाख 63 हजार दीपक और जलाने का लक्ष्य रखा गया है। कनक भवन, रामवल्लभाकुंज, बड़ाभक्तमाल, मणिरामदास जी की छावनी, दशरथ महल में पांच-पांच हजार दीपक जलाए जाएंगे। अयोध्या में 25 मार्गों व प्रमुख चौराहों पर चार-चार हजार दीपक जलाए जाएंगे। इसके साथ ही 22 सामाजिक संस्थाएं प्रमुख स्थलों पर तीन-तीन हजार दीये जलाएंगी। सोमवार को हुई बैठक में मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने भी यह जानकारी साझा की थी कि प्रमुख स्थलों पर भी दीपक जलाए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी