अयोध्‍या में बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष स्वतंत्रदेव ने दिया मंत्र, कहा-सिर पर बर्फ, मुंह में शक्कर, सीने में आग और पैर में रखें चक्कर

स्वतंत्रदेव सि‍ंह ने कार्यकर्ताओं से कहा सिर पर बर्फ मुंह में शक्कर सीने में आग और पैर में चक्कर रखें। सोचें हमेशा ठंडे दिमाग से बात हमेशा मीठी करें और भारत माता की जय बोलने के लिए सीने में आग रखें और लक्ष्य हासिल होने तक बैठें नहीं।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 09:44 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 07:23 AM (IST)
अयोध्‍या में बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष स्वतंत्रदेव ने दिया मंत्र, कहा-सिर पर बर्फ, मुंह में शक्कर, सीने में आग और पैर में रखें चक्कर
सपा, बसपा कांग्रेस ने पिछड़ों को ठगा, भाजपा ने संवारा : राधामोहन

अयोध्या, जागरण संवाददाता। शनिवार को भाजपा नेताओं ने पिछड़े वर्ग के लोगों को साधने की भरपूर कोशिश की। अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में आयोजित पिछड़ा मोर्चा की राज्य कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सि‍ंह ने पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए मोदी सरकार की ओर से किए गए कार्यों को साझा किया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सि‍ंह ने कार्यकर्ताओं को सिर पर बर्फ, मुंह में शक्कर, सीने में आग और पैर में चक्कर का मंत्र दिया।

राधामोहन सि‍ंह ने कहा, क्रीमीलेयर की सीमा छह से आठ लाख करने की सिफारिश वर्ष 1993 में हुई थी, जिसे लागू मोदी सरकार ने 2021 में किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद गरीब, शोषित व वंचित व्यक्तियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूत किया। सपा, बसपा और कांग्रेस दिन में पिछड़ों का नारा तो लगाती हैं, लेकिन शाम होते तीनों दलों के नेता अपने परिवार की चि‍ंता में डूब जाते हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस ने सिर्फ पिछड़ों को ठगा है।

उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सि‍ंह ने कार्यकर्ताओं को सिर पर बर्फ, मुंह में शक्कर, सीने में आग और पैर में चक्कर का मंत्र दिया। कहा, सोचें हमेशा ठंडे दिमाग से, बात हमेशा मीठी करें और भारत माता की जय बोलने के लिए सीने में आग रखें और लक्ष्य हासिल होने तक बैठें नहीं। कहा, लोगों के सुख-दु:ख में अवश्य शामिल हों और कार्यकर्ता की किसी भी बात पर कभी क्रोधित नहीं हों। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा तो भाजपा का सम्मान होगा। मोदी सरकार में 27 ओबीसी मंत्री हैं। भाजपा में जातिवाद और परिवारवाद नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी की सरकार राम को काल्पनिक मानती थी और दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने राममंदिर की नींव रखी। धारा 370 एक झटके में समाप्त कर दी।

दूसरे सत्र में ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया, जबकि कांग्रेस ने इसमें भी राज्यसभा में रोड़ा अटकाने का प्रयास किया। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने केंद्र सरकार के ओबीसी वर्ग के लिए किए कार्यों को साझा किया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इस बार का लक्ष्य 350 पार है और इसे हासिल करने में मोर्चा मुख्य भूमिका निभाएगा। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगमलाल गुप्ता, प्रदेश प्रभारी पूनम बजाज आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी