महिलाओं के साथ प्रियंका वाड्रा ने दिलाई अपने संघर्षों की भी याद, 40 फीसद आरक्षण को लेकर दिए ये तर्क
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने की मंगलवार को घोषणा कर समाज में आधी आबादी का मुद्दा तो आगे बढ़ाया ही लड़की हूं लड़ सकती हूं थीम के सहारे अपनी अपनी संघर्षशील छवि को भी उभारने की कोशिश की।
लखनऊ, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने की मंगलवार को घोषणा के पीछे अपने तर्क भी रखे। उन्होंने इसका ऐलान कर समाज में आधी आबादी का मुद्दा तो आगे बढ़ाया ही, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' थीम के सहारे अपनी अपनी संघर्षशील छवि को भी उभारने की कोशिश की।
उत्तर प्रदेश में प्रभारी के रूप में कांग्रेस की बागडोर संभालने के बाद चाहे सोनभद्र के उम्भा गांव में हुआ नरसंहार रहा हो या उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता की जलने से हुई मौत, हाथरस का चर्चित कांड रहा हो या प्रयागराज में निषाद समुदाय के लोगों को प्रताड़ित करने का प्रकरण या फिर हाल ही में लखीमपुर खीरी की घटना। प्रियंका इन सभी मौकों पर पुलिस-प्रशासन से लोहा लेते हुए मौके पर पहुंचीं।
इन घटनाओं अपनी पहल का अहसास कराने के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पर्यटन पर आने का आरोप लगाने वाले विरोधियों को भी आईना दिखाने की कोशिश की कि सूबे के लिए वह अजनबी नहीं हैं। इन घटनाओं की पीड़ित महिलाओं का दर्द बयां कर उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ बेरोजगारी के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा।
प्रियंका वाड्रा गांधी के बोल...