रायबरेली में फूलन देवी की प्रतिमा लगाने की तैयारी, ग्राम प्रधान को चेतावनी; प्रशासन अलर्ट

खंधारीपुर मजरे जब्बारीपुर गांव में सपा की पूर्व सांसद फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए 20 सितंबर की तिथि निर्धारित कर दी गई है। चबूतरे का भी निर्माण कराया जा चुका है। प्रशासन ने बिना आदेश प्रतिमा लगाने पर रोक लगा दी है।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 10:57 AM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 10:57 AM (IST)
रायबरेली में फूलन देवी की प्रतिमा लगाने की तैयारी, ग्राम प्रधान को चेतावनी; प्रशासन अलर्ट
कोतवाल के मुताबिक, ग्राम प्रधान अनिल यादव को प्रतिमा लगाने से पहले शासन के आदेश लाने को कहा गया है।

रायबरेली, संवाद सूत्र। खंधारीपुर मजरे जब्बारीपुर गांव में सपा की पूर्व सांसद फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए 20 सितंबर की तिथि निर्धारित कर दी गई है। चबूतरे का भी निर्माण कराया जा चुका है। प्रशासन ने बिना आदेश के गांव में प्रतिमा लगाने पर रोक लगा रही है। उक्त गांव में निषाद बिरादरी की बहुलता है। फूलन देवी भी निषाद जाति की ही थीं, जिन्हें यहां के लोग अपना नेता मानते हैं। यही वजह कि गांव में उनकी प्रतिमा लगाने की तैयारी चल रही है। चबूतरा बन गया है, मिट्टी भरने और प्लास्टर का कार्य अभी बाकी है।

विधायक डा. मनोज कुमार पांडेय एक सप्ताह पूर्व जनसंपर्क अभियान के तहत गांव आए थे। तत्समय ग्राम प्रधान समेत गांव के लोगों ने फूलन की प्रतिमा लगाने की मांग की थी। विधायक की हामी के बाद आगामी 20 सितंबर को मूर्ति लगाने की तैयारी है। गांव के लोग मूर्ति खरीदने के लिए चंदे की व्यवस्था में लगे हुए हैं। इसी बीच इसकी चर्चा आम हो गई और भनक स्थानीय प्रशासन को लग गई। अफसरों ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल ग्राम प्रधान को प्रतिमा स्थापित करने से पहले प्रशासन से अनुमति लेने को कहा है। बिना आदेश प्रतिमा लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान अनिल यादव को प्रतिमा लगाने से पहले शासन के आदेश लाने को कहा गया है। 

पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की प्रतिमा लगाने की मंशा ग्रामीणों की है। हालांकि, शासन के आदेश के बाद ही प्रतिमा लगाने का कार्य किया जाएगा। -डा. मनोज कुमार पांडेय, विधायक ऊंचाहार

खंधारीपुर गांव में पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की प्रतिमा लगाए जाने की बात संज्ञान में आई है। ग्रामीणों द्वारा लिखित में कोई सूचना नहीं दी गई है। बिना शासन के आदेश के प्रतिमा लगाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को हटवा दिया जाएगा। -राजेंद्र शुक्ल, एसडीएम

chat bot
आपका साथी