पीएल पुनिया ने कहा- कांग्रेस निभाएगी वचन, प्रतिज्ञा यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन

कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के साथ लखनऊ पहुंचे पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि हमारी पार्टी प्राण जाए पर वचन न जाए के सिद्धांत में विश्वास करती है। इसलिए हम पार्टी द्वारा घोषित की गईं प्रतिज्ञाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:37 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:38 PM (IST)
पीएल पुनिया ने कहा- कांग्रेस निभाएगी वचन, प्रतिज्ञा यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन
कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के साथ लखनऊ पहुंचे पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पीएल पुनिया।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। बाराबंकी से शनिवार को शुरू हुई कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के साथ लखनऊ पहुंचे पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि हमारी पार्टी 'प्राण जाए पर वचन न जाए' के सिद्धांत में विश्वास करती है। इसलिए हम पार्टी द्वारा घोषित की गईं प्रतिज्ञाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जिस प्रकार से प्रतिज्ञा यात्रा को जनता का स्नेह व आशीर्वाद मिल रहा है, उसे देख कर कह सकते हैं कि इस बार चुनाव परिणाम ऐतिहासिक होगा और कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत से सरकार बनाएगी। गौरतलब है कि शनिवार को बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करने से पहले पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने प्रदेशवासियों से सात प्रतिज्ञाएं की थीं।

पुनिया रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में मीडिया से मुखातिब थे। उनके साथ मौजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुआई में उप्र में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था व सत्ता प्रायोजित अपराधों के विरुद्ध जिस तरह न्याय के लिए संघर्ष पथ पर है, उससे जनता का भरोसा कांग्रेस के साथ देखने को मिल रहा है। लखीमपुर की घटना और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर उन्होंने योगी सरकार पर हमला किया। कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य महिलाओं को राजनीति की मुख्य धारा में लाना है। प्रतिज्ञा यात्रा सरकार को उखाड़ फेंकने में मील का पत्थर साबित होगी।

पूर्व सांसद राकेश सचान ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से घोषित सातों प्रतिज्ञाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। योगी सरकार की नीतियों से परेशान हो चुके लोगों में पहले दिन से ही यात्रा को लेकर जो उत्साह है, उससे साफ है कि जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को मिलने जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रतिज्ञा यात्रा के बारे में बताया।

गौरतलब है कि बाराबंकी से शुरू हुई प्रतिज्ञा यात्रा लखनऊ समेत विभिन्न जिलों से होते हुए झांसी में समाप्त होगी। इस यात्रा की कमान पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, प्रदीप जैन आदित्य व राकेश सचान को सौंपी गई है।

chat bot
आपका साथी