Accident in Balrampur: गैंसडी बाजार में मछली व्‍यापारियों को लेकर आ रही पिकअप पलटी, एक की मौत, 14 घायल

बलरामपुर के गैंसडी बाजार से मछली बेच कर वापस लौट रहे व्यापारियों से भरी पिकअप शुक्रवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चयपुरवा गांव के पास गाय के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 11:20 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 03:48 PM (IST)
Accident in Balrampur: गैंसडी बाजार में मछली व्‍यापारियों को लेकर आ रही पिकअप पलटी, एक की मौत, 14 घायल
बलरामपुर में दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक की मौत, 15 घायल।

बलरामपुर, संवाद सूत्र। गैंसडी बाजार से मछली बेच कर वापस लौट रहे व्यापारियों से भरी पिकअप शुक्रवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चयपुरवा गांव के पास गाय के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। पिकअप में सवार नई बाजार निवासी गंगासागर उर्फ नावगोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। पुरानी बाजार निवासी राम कुबेर, गोकुला, कल्लू, नथुनिया मोड़ निवासी अंसार, मोहम्मद अयूब, वीरेंद्र समेत 14 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर व निजी अस्पताल में चल रहा है। इसी रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डालपुर बकौली गांव के पास घर के सामने नल से पानी लेकर जा रही गुड़िया पत्नी मदनलाल गुप्त को पचपेड़वा की ओर से आ रही स्कार्पियो ने ठोकर मार दी। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि मछली व्यापारियों का एक समूह गैंसडी बाजार में व्यापार करने के बाद रात में घर लौट रहा था। रास्ते में चयपुरवा गांव के पास अचानक गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। दुर्घटना होते ही चीख-पुकार मच गई। जो जहां था मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने गंगासागर को मृत घोषित कर दिया। जबकि सात घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। सात अज्ञात घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे का कहना है कि घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर छानबीन की जा रही है। उधर दूसरी तरफ गैंसड़ी के डालपुर बकौली गांव निवासिनी गुड़िया देवी शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर के सामने नल से पानी लाने गई थी। इसी बीच पचपेड़वा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कार्पियो ने उसे ठोकर मार दी। गुड़िया के सिर में गहरी चोट आई है। दुर्घटना के बाद चालक स्कार्पियो लेकर फरार हो गया। निजी क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार के बाद गुड़िया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी