National Book Fair: लखनऊ के मोतीमहल लान में राष्ट्रीय पुस्तक मेला शुरू, जान‍िए आज क्‍या होगा खास

National Book Fair बारिश की बूंदों से रूमानी हुए मौसम में दस दिन का अठारहवां राष्ट्रीय पुस्तक मेला राणाप्रताप मार्ग मोतीमहल वाटिका लान लखनऊ शुक्रवाार से शुरू हो गया। मेले का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा ने किया।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 06:30 AM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 10:02 AM (IST)
National Book Fair: लखनऊ के मोतीमहल लान में राष्ट्रीय पुस्तक मेला शुरू, जान‍िए आज क्‍या होगा खास
पुस्तकें पढ़ने से होती है उम्र ज्यादा और दिमाग संतुलित : डा.दिनेश शर्मा।

लखनऊ, जागरण संवाददाता।  विद्वानों को अगर आंकना हो तो यह पता करो कि उनका पुस्तक प्रेम कितना है। पुस्तक पढ़ने वालों की उम्र ज्यादा होती है और उनका दिमाग संतुलित रहता है। आज इंटरनेट के युग में किताबों का महत्व और बढ़ गया है। ऐसी अनेक बातें उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा ने बुक फेयर का उद्घाटन करने के दौरान कही। बारिश की बूंदों से रूमानी हुए मौसम में दस दिन का अठारहवां राष्ट्रीय पुस्तक मेला राणाप्रताप मार्ग मोतीमहल वाटिका लान लखनऊ शुक्रवाार से शुरू हो गया। मेले का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा ने किया। केटी.फाउण्डेशन व फोर्सवन द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर मुफ्त प्रवेश वाले मेले में पुस्तक प्रेमियों को हर किताब पर दस फीसदी छूट मिल रही है। यहां फायर थाॅट क्रियेशन की फिल्म ‘डैडीज डाटर-2’ का पोस्टर लांच समारोह कलाकारों की उपस्थिति में हुआ। साथ ही संकल्प फाउंडेशन की ओर से दर्शनीय सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गये। शनिवार से यहां विमोचन, परिचर्चा, लेखक से मिलिये आदि विविध साहित्यक, कवि सम्मेलन जैसे आयोजनों के साथ प्रतियोगिताएं बराबर चलेंगी।

मुख्य अतिथि ने फिल्म ‘डैडीज डाटर-2’ का पोस्टर और चिरंजीवनाथ सिन्हा व रश्मि श्रीवास्तव की पुस्तक जिंदगी के रेले रे का विमोचन करने के साथ अमेरिका, इंग्लैण्ड की यात्रा करते हुए कहा कि आज बच्चों को कहानियां सुनाकर संस्कार देने वाले नाना-नानी, दादा-दादी को वृद्धाश्रम भेजा जा रहा है। वृद्धाश्रम भेजे जाने की प्रथा बंद हो जाए तो ही अच्छा है।

बिंदु जैन के संचालन में चले उद्घाटन समारोह में संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने पुस्तक मेले की परम्परा पर प्रकाश डाला। संरक्षक मुरलीधर आहूजा ने ऐसे आयोजनों को जरूरी बताया। मेले में भारतीय कला प्रकाशन, बहुजन बोध साहित्य व नई किताब जैसे प्रकाशन पहली बार आए हैं। वरिष्ठ एडवोकेट रामजी दास ने भी विचार व्यक्त किये। सह संयोजक आस्था ढल ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर आयोजित मेले में आज उद्घाटन से पूर्व ही पुस्तक प्रेमियों का आना-जाना शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि इस बार बड़ी तादाद में पुस्तकों का विमोचन होगा। रचनाकार तरुण भटनागर, महेन्द्र भीष्म, डा.सुधाकर अदीब, विनोद कुमार दीक्षित, अलका प्रमोद, अंशुमान तिवारी आदि की पुस्तकों के लोकार्पण, रचना पाठ और पुस्तकों पर चर्चा जैसे आयोजन लगातार होंगे। बाल व युवा प्रतियोगियों लगातार चलेंगे। मेले के स्टालों में स्मार्ट सिटी, नगर निगम, पुलिस कमिश्नरेट भी अपनी परियोजनाओं व उपलब्धियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में महिला हेल्पलाइन पिंक बूथ भी है और फूड जोन भी। मुख्य संरक्षक मुरली धर आहूजा ने कहा कि पुस्तक विमोचन, लेखक से मिलें, कवि सम्मेलन, मुशायरा जैसे विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

आज के कार्यक्रम- दो अक्टूबर 2021

पूर्वाह्न 11 बजे- चारु काव्यांगन की ओर से काव्य गोष्ठी दोपहर 1.30 बजे- राजकमल प्रकाशन की ओर से राकेश मिश्र की पुस्तक का लोकार्पण दोपहर 3.30 बजे- कथा रंग फाउण्डेशन की ओर से कहानी पाठ शाम 5.30 बजे- आगमन की ओर से काव्य गोष्ठी व मनोज शुक्ल ‘मनुज‘ की पुस्तक मन ‘शिवाला हो गया‘ का लोकार्पण शाम 7.30 बजे- राजकमल प्रकाशन की ओर से तरुण भटनागर की पुस्तक का लोकार्पण व ‘उल्टी गिनती‘ पर चर्चा
chat bot
आपका साथी