Weather News: उत्‍तर प्रदेश में मानसून की दस्तक, 48 घंटों में पहुंचेगा लखनऊ

उत्‍तर प्रदेश में इस बार एक हफ्ते पहले मानसून आ रहा है। मौसम विज्ञानी इसे अच्‍छा संकेत मान रहे हैं। राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। लखनऊ में 48 घंटे में मानसून आ जाएगा।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 09:38 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 09:38 PM (IST)
Weather News: उत्‍तर प्रदेश में मानसून की दस्तक, 48 घंटों में पहुंचेगा लखनऊ
रविवार को लखनऊ में होती रही बूंदाबांदी

 लखनऊ, जेएनएन। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को उत्‍तर प्रदेश में दस्तक दे दी। पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल बरसे। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार अगले 48 घंटों में लखनऊ समेत प्रदेश कई अन्य जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। मानसून ने इस साल एक सप्ताह पहले दस्तक दी है। इसे अच्छा संकेत माना जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने के आसार हैं।

देखा जाए तो मई के महीने में भी पश्चिमी विक्षोभ के लगातार आते रहने से मौसम सुहाना बना रहा। एक-दो दिन गर्म हवा के थपेड़े जरूर पड़े। लेकिन, पूरे माह मौसम अच्छा बना रहा। इसके बाद जून की शुरुआत गर्मी और उमस से जरूर हुई, लेकिन दूसरे सप्ताह से ही प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो गईं और अब मानसून आ चुका है।

बहराइच में सबसे ज्यादा बारिश

रविवार को सबसे ज्यादा बारिश बहराइच में रिकॉर्ड हुई। यहां 66 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, प्रयागराज में 42.8, सुलतानपुर में 36.6, फुरसतगंज में 28.6 और फैजाबाद में 12.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।

29.9 पर पहुंचा अधिकतम तापमान

रविवार को राजधानी में सुबह से बादलों की आवाजाही थी और दोपहर बाद ठंडी हवा, बादलों और रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले नौ डिग्री लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी राजधानी में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। वहीं, मानसून पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और स्थानों को अपनी गिरफ्त में ले लेगा।

chat bot
आपका साथी