UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक हफ्ते पहले आया मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश

UP Weather Update दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी। पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल बरसे। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार अगले 48 घंटों में लखनऊ समेत प्रदेश कई अन्य जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 08:45 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 07:41 AM (IST)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक हफ्ते पहले आया मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी।

लखनऊ, जेएनएन। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी। पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल बरसे। शनिवार और रविवार को विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और बूंदाबांदी हुई तो कहीं पर आंधी के साथ बौछारें गिरी। इस बारिश से हालांकि कम समय के लिए ही सही पर लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार अगले 48 घंटों में लखनऊ समेत प्रदेश कई अन्य जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। मानसून ने इस साल एक सप्ताह पहले दस्तक दी है। इसे अच्छा संकेत माना जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने के आसार हैं।

देखा जाए तो मई में भी पश्चिमी विक्षोभ के लगातार आते रहने से मौसम सुहाना बना रहा। एक-दो दिन गर्म हवा के थपेड़े जरूर पड़े। लेकिन, पूरे माह मौसम अच्छा बना रहा। इसके बाद जून की शुरुआत गर्मी और उमस से जरूर हुई, लेकिन दूसरे सप्ताह से ही प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो गईं और अब मानसून आ चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है। साथ ही कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से दक्षिण पश्चिमी हवाओं का रुख पश्चिमी तटीय इलाकों से होते हुए बढ़ेगा। इस अनुकूल स्थिति की वजह से मानसून जल्दी दस्तक दे रहा है। मानसून के जल्दी आने के तीन प्रमुख कारण हैं। इसमें बड़े क्षेत्र में बारिश का होना, अधिक बारिश होना और हवाओं का जल्दी आना शामिल हैं।

बहराइच में सबसे ज्यादा बारिश : रविवार को सबसे ज्यादा बारिश बहराइच में रिकार्ड हुई। यहां 66 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, प्रयागराज में 42.8, सुलतानपुर में 36.6, फुरसतगंज में 28.6 और फैजाबाद में 12.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट : मौसम विभाग ने कुशीनगर, बलिया, देवरिया, गाजीपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा बाराबंकी, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर,आजमगढ़, सुल्तानपुर बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़ में बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

29.9 पर पहुंचा अधिकतम तापमान : रविवार को राजधानी में सुबह से बादलों की आवाजाही थी और दोपहर बाद ठंडी हवा, बादलों और रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले नौ डिग्री लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी राजधानी में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। वहीं, मानसून पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और स्थानों को अपनी गिरफ्त में ले लेगा।

बनारस से कानपुर तक बारिश ने लोगों को दी राहत : कानपुर में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बुंदेलखंड के साथ ही औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, उन्नाव और अकबरपुर में सुबह तेज हवा के साथ कड़ी धूप निकली। दोपहर बाद बादल छाने से मौसम में कुछ नरमी आई। वाराणसी में प्री मानसून अब अपने उफान पर है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास झमाझम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था। बनारस में रविवार को 23 मिलीमीटर वर्षा हुई।

प्रयागराज में 42.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड : संगमनगरी प्रयागराज और उसके आसपास के जिलों में रविवार को मानसून की धमक जोरदार अंदाज में हुई। शनिवार रात एक बजे के आसपास से ही बूंदाबांदी और बारिश का क्रम शुरू हो गया था। इस बार यह सप्ताह भर पहले ही सक्रिय हो गया है। पांच बजे तक जिले में 42.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई थी। प्रतापगढ़ और कौशांबी में भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश जारी रही। मुरादाबाद में बारिश के दूसरे ही दिन तापमान बढ़ गया। रविवार को 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जबकि एक दिन पहले बारिश होने से 34 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था।

कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़े : बरेली में शनिवार को झमाझम बारिश के बाद रविवार को धूप खिली रही। दोपहर को हल्की बूंदाबदी हुई। बदायूं पीलीभीत में चटख धूप खिली रही। शाहजहांपुर में भी बादल छंट गए। पूरे दिन उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। शनिवार को आगरा, मैनपुरी, फीरोजाबाद, मथुरा में हल्की बारिश के बाद आगरा में रविवार तड़के बूंदाबांदी हुई। दोपहर में बूंदाबांदी के बाद उमस बढ़ गई। बादल भी छाए रहे। मथुरा जिले के फरह क्षेत्र में आंधी के बाद तेज बारिश हुई। कई पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे टूट गए। कासगंज में सुबह बूंदाबांदी हुई, देर शाम बादल घिरे रहे। मैनपुरी, फीरोजाबाद और एटा में उमस भरी गर्मी रही।

chat bot
आपका साथी