लखनऊ में विधायक समर्थक ने बछरावां थाने में दी तहरीर, मारपीट का आरोप

विधायक बोले टोल का नाम लेकर लोकल यात्रियों से हो रही अवैध वसूली। एनएचएआइ के अधिकारी ने कहा सीएम से करेंगे शिकायत। वहीं कर्मचारियों का आरोप विधायक ने 250 गाड़ियों का टोल निश्‍शुल्क करने के लिए लिखा था पत्र ।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 09:48 AM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 09:48 AM (IST)
लखनऊ में विधायक समर्थक ने बछरावां थाने में दी तहरीर, मारपीट का आरोप
विधायक बोले, टोल का नाम लेकर लोकल यात्रियों से हो रही अवैध वसूली।

लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में निगोहा थाने में विधायक समर्थकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही बछरावां निवासी एक युवक ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में तहरीर दे दी। बछरावां निवासी राहुल भारती के मुताबिक शनिवार को वह अपने साथियों के साथ टोल पर बढ़े लोकल शुल्क को लेकर वहां के मैनेजर धीरज श्रीवास्तव से मिलने पहुंचे थे।

आरोप है कि इस दौरान धीरज ने उनसे अभद्रता की। वहीं रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे वह अपने साथी राजकुमार गुप्ता उर्फ भल्लू के साथ बाइक से सुदौली गांव जा रहे थे, तभी टोल के कर्मचारियों ने दोनों के साथ मारपीट की। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत वहां पहुंचे और टोल के कर्मचारियों से पूछताछ की। इस पर विधायक के सामने ही टोल कर्मी अभद्र व्यवहार करने लगे, जिसके बाद धक्का-मुक्की हुई थी। बछरावां एसओ राकेश सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

उधर, भाजपा विधायक का कहना है कि टोल के नाम पर लोकल यात्रियों से अवैध वसूली की जा रही है। टोल कर्मियों ने बछरावां के दो युवकों को पीट दिया था, उसी बारे में बात करने के लिए मैं वहां गया था। टोल मैनेजर ने गलत तरीके से बात की, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। धक्का-मुक्की हुई है। मारपीट की बात सामने नहीं आई है। 

वहीं महाप्रबंधक, सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएन गिरि का कहना है कि निगोहां टोल प्लाजा पर हुई घटना निंदनीय है। मामले से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा। अगर माननीय टोल प्लाजा पर ऐसे करेंगे, तो आम जनता क्या करेगी। उन्होंने कहा कि टोल संचालनकर्ता सिर्फ नियमों का पालन करवा रहे हैं। टोल प्लाजा की 20 किलोमीटर परिधि में रहने वालों को पास की सुविधा दी गई है और वह जा रही है।

chat bot
आपका साथी