सीतापुर कलेक्ट्रेट कॉलोनी में लूटपाट के दौरान महिला को किया मरणासन्न, चंद कदमों की दूरी पर मौजूद थे DM-SP

Crime in Sitapur मां को खून से लथपथ देखकर शशिधर मिश्र रोने-चिल्लाने लगा। उसने बताया वह सोमवार सुबह ही बीमार पिता सरोज मिश्र को दिखाने के लिए लखनऊ ले गया था। घर पर अकेले उसकी मां सौम्या मिश्रा थीं।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 05:16 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 05:16 PM (IST)
सीतापुर कलेक्ट्रेट कॉलोनी में लूटपाट के दौरान महिला को किया मरणासन्न, चंद कदमों की दूरी पर मौजूद थे DM-SP
आवासीय कॉलोनी के पीछे कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम-एसपी मौजूद थे।

सीतापुर, संवाद सूत्र। कलेक्ट्रेट कॉलोनी में सोमवार दिनदहाड़े अज्ञात दो युवक सहायक कोषाधिकारी के आवास में घुस गए। लूटपाट करने लगे। घर में सहायक कोषाधिकारी सरोज मिश्र की पत्नी सौम्या मिश्रा अकेले थीं। विरोध करने पर लुटेरे महिला पर हमलावर हो गए। धारदार हथियार से प्रहार कर महिला को घायल कर मरणासन्न कर दिया। बच्चों से खबर मिली तो पड़ोस की महिलाएं सरोज मिश्र के घर के अंदर गईं तो देखा सौम्या मिश्रा खून से लथपथ पड़ी थी। मौके पर पहुंचे कई पड़ोसी सामने स्थित तामसेनगंज पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी पर कोई पुलिस कर्मी के न होने पर वह लोग लौट आए और घायल सौम्या को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। इसी बीच पड़ोसियों ने फोन कर मामले की जानकारी सरोज मिश्र को दी।

शशिधर मिश्र ने अपने बीमार पिता सरोज मिश्र को लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी रूम में पहुंचा। यहां पर डाक्टर घायल सौम्या मिश्रा का इलाज कर रहे थे। मां को खून से लथपथ देखकर शशिधर मिश्र रोने-चिल्लाने लगा। उसने बताया, वह सोमवार सुबह ही बीमार पिता सरोज मिश्र को दिखाने के लिए लखनऊ ले गया था। घर पर अकेले उसकी मां सौम्या मिश्रा थीं। घटना सार्वजनिक होने के बाद सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह व शहर कोतवाल तेज प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। घायल महिला सौम्या मिश्र के घर में घुसकर मौका वारदात का बारीकी से मुआयना किया है।

काॅलोनी के पीछे कलेक्ट्रेट सभागार में थे डीएम-एसपी : आवासीय कॉलोनी के पीछे कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम-एसपी मौजूद थे। बैठक होने के कारण यहीं पर कई अन्य पुलिस अधिकारी व फोर्स मौजूद था। सवाल यह है कि इतना सब होने के बाद भी दुस्साहसिक लुटेरे कलेक्ट्रेट की आवासीय कॉलोनी में घुस गए और घटना को अंजाम दे दिया। मौके से भाग भी गए।

वारदात देख कॉलोनीवासी भयभीत : दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक वारदात देख कलेक्ट्रेट कॉलोनी में रह रहे परिवार दहशतजदा हो गए हैं। महिलाएं-बच्चे भय के कारण कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। पूछने पर महिलाओं ने कहा, लुटेरों की इतनी हिम्मत बढ़ गई कि वह दिन दहाड़े सरकारी कॉलोनी में घुसकर लूट कर ले गए हैं। घर में अकेली सौम्या मिश्रा के विरोध करने पर लुटेरों ने उसे जान से मारने का प्रयास किया है।

दरवाजे पर पड़ी थी घायल, बच्चों ने दी खबर : कॉलोनी के शालू ने बताया, घटना दोपहर डेढ़ बजे की है। परिसर में बच्चे खेल रहे थे। सौम्या घर के दरवाजे पर पड़ी थीं। उन्होंने हाथ से इशारा कर बच्चों को बुलाकर अपनी मां को बुला लाने को कहा था। तब पड़ोसियों को घटना पता चली। शालू ने बताया, उसने तुरंत सौम्या मिश्रा के बेटे को फोन कर बताया। फिर शालू, गोलू, शशिकांत शुक्ल पुलिस चौकी पर गए, मदद न मिलने पर वह इलाज के लिए घायल सौम्या को जिला अस्पताल लाए थे।

लूटकर जा रहे शातिरों को बच्चों ने देखा : शालू ने बताया, प्रत्यक्षदर्शी बच्चों ने बताया है कि सौम्या के घर लूटपाट कर दो युवक निकले थे। एक युवक बोरी लादे था और दूसरे युवक के हाथ में बांका था।

chat bot
आपका साथी