बहराइच में खून से लथपथ मिला छात्रा का शव, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका

बहराइच में रविवार को छात्रा का शव नाले के पास 12 वर्षीय छात्रा का खून से लथपथ पाए जाने पर सनसनी फैल गई। घटना से परिवारजन में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 04:18 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 04:18 PM (IST)
बहराइच में खून से लथपथ मिला छात्रा का शव, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका
बहराइच में छात्रा का शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंका।

बहराइच, जेएनएन। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा आठ में पढ़ने वाली बालिका का बेखौफ अपराधियों ने शनिवार देर शाम अपहरण कर लिया। परिवारजन ने अनहोनी की आशंका जताकर सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस मौन साधे रही। रविवार को छात्रा का शव नाले के पास खून से लथपथ पाए जाने पर सनसनी फैल गई। घटना से परिवारजन में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। जानकारी पाकर एसपी व एएसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का जायजा लेकर जल्द से जल्द घटना का राजफाश किए जाने के आदेश दिए।

पिता के बीमार रहने पर 12 वर्षीय छात्रा दुकान संभाल रही थी। देर शाम दुकान बंद कर वह घर के लिए निकली थी। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात खोजबीन करने के बाद जब बालिका का पता नहीं चला तो परिवारजन को अनहोनी की आशंका सताने लगी और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस मामले में तत्काल कार्रवाई की जगह शांत बैठी रही। रविवार को छात्रा का शव गांव से कुछ दूरी पर बने नाले के किनारे पाया गया। छात्रा के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए। मृतका के परिवारजन ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने सूचना उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही एसपी सुजाता सिंह व एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दिल दहलाने वाली इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

विधायक ने परिवार को बंधाया ढांढस-घटना की जानकारी पाकर महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने घटना का जल्द से जल्द राजफाश किए जाने की बात पुलिस अधिकारियों से कही।

एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि मामले में अपहरण व हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ हो सकेगी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई है। सभी टीमों का नेतृत्व एएसपी ग्रामीण करेंगे। 

chat bot
आपका साथी