ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे लखनऊ के कई अस्पताल, 24 घंटे में छह मरीजों की थमीं सांसें

आलमबाग स्थित अवध अस्पताल में दो मरीजों की मौत हुई। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ऑक्सीजन की कमी जरूर है लेकिन सभी मरीजों को ऑक्सीजन मुहैया कराने के प्रयास किये जा रहे है। इसी तरह जानकीपुरम स्थित कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से मरीज की सांस थम गईं।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 09:40 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 09:40 AM (IST)
ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे लखनऊ के कई अस्पताल, 24 घंटे में छह मरीजों की थमीं सांसें
इंदिरानगर स्थित शेखर अस्पताल में बुधवार से ऑक्सीजन के बड़े सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई।

लखनऊ, जेएनएन। ऑक्सीजन की कमी से मरीजों की जान जाने का सिलसिला थम नहीं रह है। इसके चलते आधा दर्जन मरीजों की तड़पकर असमय मौत हो गई। अस्पताल जिम्मेदार अफसरों से फोन पर गुहार लगाते रहे। ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली कंपनियों से फरियाद लगाते रहे, मगर किसी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। इंदिरानगर स्थित शेखर अस्पताल में बुधवार से ऑक्सीजन के बड़े सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई। अस्पताल की डॉ. ऋचा मिश्रा के अनुसार करीब एक दर्जन से अधिक ऑक्सीजन सिलिडर भरने के लिए भेजे गए थे। करीब 20 घंटे बाद भी ऑक्सीजन नहीं मिली है। इसके चलते 100 मरीजों को ऑक्सीजन नहीं दी जा सकी। उन्होंने बताया कि एक 35 साल की महिला व बुजुर्ग की मृत्यु हो गई। 10 मरीज गंभीर हैं। सभी मरीजों की जान बचाने के प्रयास जारी है।

आलमबाग स्थित अवध अस्पताल में दो मरीजों की मौत हुई। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों मरीज गंभीर थे। ऑक्सीजन की कमी जरूर है लेकिन सभी मरीजों को ऑक्सीजन मुहैया कराने के प्रयास किये जा रहे है। इसी तरह जानकीपुरम स्थित कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से मरीज की सांस थम गईं। केजीएमयू में ऑक्सीजन के अभाव में महिला की मौत हो गई। रायबरेली कठवारा निवासी साबिता (29) की मौत हो गई। परिवारीजनों का आरोप हैं कि डॉक्टरों ने ऑक्सीजन नहीं मुहैया कराया। वह अस्थमा की मरीज थीं। उसके तीन बच्चे हैं। ऑक्सीजन न लगने से मरीज की मौत हो गई। नाराज परिवारीजनों ने ट्रॉमा सेंटर में हंगामा भी किया। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक ऑक्सीजन की कमी नहीं है। सभी मरीजों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है। मामले की जांच कराई जाएगी।

अधिकांश अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट

लखनऊ के ज्यादातर अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत है। बड़े अस्पतालों में दो से तीन घंटे का बैकअप होने की बात आ रही है। कोविड अस्पतालों ने मरीजों की भर्ती रोक दी है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौक, आलमबाग, रायबरेली रोड, कुर्सी रोड के अस्पतालों में कोरोना मरीजों की भर्ती रोक दी है। अस्पताल से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि ऑक्सीजन मिलने के बाद ही मरीज भर्ती किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी