बहराइच में भाजपा ने घोषित किया जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी, पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह की अनुज वधू को बनाया उम्मीदवार

लंबे जिद्दोजहद के बाद भाजपा ने बहराइच में जिला पंचायत चुनाव को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। उसने मंजू सिंह को उम्मीदवार बनाया है। मंजू सिंह तीन बार विधायक रहे अरुणवीर सिंह के अनुज अतुलवीर सिंह की बहू हैं।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 12:28 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 12:37 PM (IST)
बहराइच में भाजपा ने घोषित किया जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी, पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह की अनुज वधू को बनाया उम्मीदवार
बहराइच में भाजपा ने पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह की अनुज बहू को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया।

बहराइच, जेएनएन। लंबे जिद्दोजहद के बाद भाजपा ने जिला पंचायत चुनाव को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। उसने मंजू सिंह को उम्मीदवार बनाया है। मंजू सिंह तीन बार विधायक रहे अरुणवीर सिंह के अनुज अतुलवीर सिंह की बहू हैं। उनके लिए टिकट की दौड़ में शामिल होने के लिए कुल 63 में 40 से अधिक जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन जुटाकर नेतृत्व के सामने पेश करना निर्णायक साबित हुआ। 

आखिरकार भाजपा ने सामान्य महिला के लिए आरक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष का उम्मीदवार घोषित कर अटकलों पर विराम लगा दिया। जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकरीवाल ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर देर रात मंजू सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया। वह हुजूरपुर ब्लॉक के 49 नंबर सीट से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं।

अरुणवीर सिंह कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी हैं। यही कारण रहा कि उन्होंने उम्मीदवारी के मसले पर पूरी ताकत लगा दी और प्रांतीय नेतृत्व को सहमत करने में कामयाब रहे। पार्टी के इस फैसले से यहां से अन्य दावेदार पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीनाराज मिश्रा एवं शकुंतला सिंह को निराश होना पड़ा। उम्मीदवार घोषित मंजू सिंह ने खुद पर भरोसा जताने के जिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि मंजू सिंह प्रभावशाली उम्मीदवार हैं। उनकी जीत शत-प्रतिशत तय है।

सपा के लिए मजबूत उम्मीदवार की तलाश होगी चुनौतीः भाजपा का उम्मीदवार घोषित होने के बाद सपा के लिए मजबूत उम्मीदवार की तलाश करना चुनौती है। सपा ने भी तीन नामों पर मंथन के बाद पार्टी नेतृत्व को सूची सौंपी दी है। पार्टी अल्पसंख्यक कार्ड खेल सकती है। जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उसके पास 23 सदस्यों की ताकत पहले से है।

chat bot
आपका साथी