गोंडा में किशोरी को जलाने में सिरफिरा रहा नाकाम तो गले पर कर दिया वार, मुकदमा दर्ज
गोंडा जिले में 17 वर्षीय किशोरी पर खेलते समय सिरफिरे युवक ने केरोसिन डालकर लाइटर से जलाने का प्रयास किया मगर असफल रहा। इससे गुस्साए युवक ने किशोरी के गले पर पर वार कर दिया। छपिया थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में हुई घटना।
लखनऊ, जेएनएन। गोंडा जिले में 17 वर्षीय किशोरी पर खेलते समय सिरफिरे युवक ने केरोसिन डालकर लाइटर से जलाने का प्रयास किया, मगर असफल रहा। इससे गुस्साए युवक ने किशोरी के गले पर पर वार कर दिया। छपिया थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में हुई घटना।
लखनऊ, जेएनएन। गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में 17 वर्षीया किशोरी पर खेलते समय सिरफिरे युवक ने केरोसिन डालकर लाइटर से जलाने का प्रयास किया। नाकाम होने पर चाकू से किशोरी के गले पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद सिरफिरा भाग निकला। घायलावस्था में परिवारजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में किशोरी शिवानी का इलाज चल रहा है।
किशोरी के चाचा राजेश तिवारी के मुताबिक उनकी छपिया बाजार में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। शनिवार को परिवार के साथ खाना खाकर वह और उनके भाई बाजार चले गए। शिवानी अपनी चचेरी बड़ी बहन शिवांगी व घर के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। उसी समय गांव का ही युवक विशाल यादव घर पहुंच गया। शिवानी के ऊपर वह केरोसिन डाल कर लाइटर से जलाने का प्रयास करने लगा, गनीमत रही कि लाइटर नहीं जला। इसी बीच बड़ी बहन शिवांगी पहुंच गई। उसने शिवानी को बचाने का प्रयास किया और शोर मचाने लगी। इतने में सिरफिरे ने शिवानी के गले व पेट में चाकू से वार कर दिया। आवाज सुनकर शिवानी का भाई शिवम तिवारी घर से बाहर निकला। बाहर उसकी बहन शिवानी खून से लथपथ पड़ी थी। उसके दौड़ने पर आरोपित भाग निकला। परिवारजन में हड़कंप मच गया। आसपास लोग पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि किशाेरी शिवानी पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपित के खिलाफ मुकदमा किया गया है। उसकी तलाश में टीमें संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रहीं हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपित ने शिवानी को मारने का प्रयास क्यों किया, इसकी भी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।