Good News: अब लखनऊ में निर्धन-असहाय बच्चों को शिक्षित करेगी पुलिस, ऐसे मि‍लेगी मुफ्त ड्रेस व किताबें

लखनऊ के निर्धन-असहाय बच्चों के लिए खुशखबरी। मार्च के दूसरे हफ्ते से पुलिस ऑफिस में शुरू होगी पुलिस बुक बैंक सेवा केंद्र। नर्सरी से 12वीं तक के निर्धन और असहाय बच्चों को मुफ्त मिलेंगी पाठ्य-पुस्तकें। बच्चों को निश्शुल्क ड्रेस भी मिलेंगी।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 07:55 AM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 12:52 PM (IST)
Good News: अब लखनऊ में निर्धन-असहाय बच्चों को शिक्षित करेगी पुलिस, ऐसे मि‍लेगी मुफ्त ड्रेस व किताबें
पुलिस का सराहनीय कदम: नर्सरी से 12वीं तक के निर्धन और असहाय बच्चों को मुफ्त मिलेंगी पाठ्य-पुस्तकें।

लखनऊ, जेएनएन। अपराधियों और अपराध पर लगाम कसने के साथ ही अब राजधानी पुलिस निर्धन और असहाय बच्चों को शिक्षित करेगी। जो गरीब बच्चें पुस्तकों के अभाव में पढ़ाई नहीं कर पाते हैं, उनके लिए जल्द ही पुलिस 'बुक बैंक सेवा केंद्र' खोलने जा रही है। जी, हां मार्च के दूसरे हफ्ते से यह व्यवस्था डालीगंज स्थित पुलिस ऑफिस में शुरू होगी। यहां नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों के कोर्स से संबंधित पुस्तकें होंगी। इसके अलावा बच्चों को महापुरुषों की मोटीवेशनल कहानी और भारत की महान विभूतियों के अलावा समसामयिक घटनाक्रम से संबंधित भी पुस्तकें होंगी। इसके अलावा बच्चों को निश्शुल्क ड्रेस भी मिलेंगी।

पुलिस, स्कूल के प्रबंधकों और संस्थाओं के सहयोग से चलेगा बुक बैंक: पुलिस ऑफिस स्थित 'बुक बैंक सेवा केंद्र' पुलिस अधिकारियों, स्कूल के प्रबंधकों और संस्थाओं के माध्यम से संचालित होगा। इस संबंध में गुरुवार को सर्वजीत सिंह, विनोद रात्रा की अगुवाई में स्कूल प्रबंधकों के प्रतिनिधि मंडल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था नवीन अरोड़ा से मुलाकात की। प्रतिनिध मंडल ने 'पुलिस बुक बैंक सेवा केंद्र'  को हमेशा पुस्तकें मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सर्वजीत सिंह अवध कालिजिय , विनोद रात्रा, सेंट मीराज़ इन्टर कालेज, गोबिन्द अग्रवाल न्यू पब्लिक कालेज, राजेश मैसी सेंट मैरी कालेज, वीरेंद्र उपाध्याय अवर लिटिल ऐंजिल,रतपाल सिहं गोल्डी, राजेन्द्र सिंह राजू , परमजीत सिंह, त्रिलोक सिंह , मनप्रीत सिंह वडेरा व अन्य लोग मौजूद रहें।

करीब चार हजार पुस्तकों और 500 स्कूली ड्रेस दीं: प्रवक्ता सतवीर सिंह राजू ने बताया कि स्कूल प्रबंधकों के प्रतिनिध मंडल, केंद्री सिंह सभा लखनऊ, स्कूल यूनिफार्म वेलफेयर एसोसिएशन के लोगों ने पुलिस ऑफिस में करीब चार हजार पुस्तकें और 500 स्कूली ड्रेस बच्चों के लिए पुलिस सेवा केंद्र में रखवाई गई हैं। जरूरतमंद बच्चे और उनके परिवारीजन पुलिस ऑफिस स्थित पुलिस सेवा केंद्र में जाकर अपना आधार कार्ड दिखाकर अपनी जरूरत की पुस्तकें और साइज के अनुरूप ड्रेस ले सकते हैं।

दान के लिए करें संपर्क: निर्धन और असहाय लोगों की मदद करने के लिए इच्छुक लोग पुलिस सेवा केंद्र में नियुक्त किए गए सिपाही कामेश्वरनाथ तिवारी, मोबाइल नं. 6394271512 तथा मुख्य आरक्षी बृजभान सिंह मोबाइल नं. 9452179860 से सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं। इसके अलावा 50 से कम पुस्तकें दान करने वाले लोग अपने नजदीकी थानों पर भी पुस्तकें दान कर सकते हैं व अपना नाम / नम्बर नोट करा सकते हैं। इसके बाद दान दाताओं को पुलिस बुक बैंक सेवा केन्द्र से प्राप्ति रसीद संबंधित थाना के माध्यम से भेज दी जायेगी।

आधार कार्ड दिखाकर ही ड्रेस और पाठ्य पुस्तकें ले: कानून-व्यवस्था संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोड़ा के मुताबिक, पुलिस ऑफिस स्थित पुलिस सेवा केंद्र निर्धन एवं असहाय लोगों के लिए खोला गया है। यहां कपड़ों के साथ ही नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों की स्कूल ड्रेस उपलब्ध हैं। जल्द ही यहां बच्चों के कोर्स से संबंधित पुस्तकें भी होंगी। आपना आधार कार्ड दिखाकर कोई भी बच्चा आकर अपने परिवार के साथ ड्रेस और पाठ्य पुस्तकें ले सकता है। 

chat bot
आपका साथी