जज और उनकी पत्नी को सफेदाबाद से 20 मिनट में पहुंचाया लखनऊ मेदांता, संतकबीरनगर में हुआ था हादसा

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की तत्परता के चलते हादसे में घायल जज और उनकी पत्नी की जान बच गई। उन्हें सफेदाबाद बाराबंकी से मेदांता तक पहुंचाने के लिए ग्रीन कारीडोर दिया गया और 20 मिनट में 30 किमी की दूर तय करके घायल जज और उनकी पत्नी को अस्पताल पहुंचाया गया।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 05:42 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 05:42 PM (IST)
जज और उनकी पत्नी को सफेदाबाद से 20 मिनट में पहुंचाया लखनऊ मेदांता, संतकबीरनगर में हुआ था हादसा
लखनऊ पुलिस ने हादसे में घायल जज और उनकी पत्नी को 20 मिनट में सफेदाबाद से मेदांता पहुंचाया

लखनऊ, जेएनएन। एक बार फिर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के संवेदनशील अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने हादसे में घायल एक जज के परिवार में जान फूंकने की कोशिश की। जिससे परिवार के मुखिया बच जाएं। उन्हें सफेदाबाद बाराबंकी से मेदांता हास्पिटल तक पहुंचाने के लिए ग्रीन कारीडोर दिया। इस रूट का सारा ट्रैफिक रोक दिया और 20 मिनट में 30 किमी की दूर तय करके घायल जज और उनकी पत्नी को अस्पताल पहुंचा दिया। समय से इलाज मिलने के कारण अब उनकी हालत में सुधार है। जज के बेटे ने लखनऊ पुलिस के कार्य की सराहना की है।

दरअसल, मंगलवार रात बिहार किशनगंज के जज रामसूरत पांडेय, उनकी पत्नी गीता और बेटा गौरव पांडेय कार से लखनऊ आने के लिए निकले थे। कार बेटा गौरव चला रहा था। इस बीच संतकबीरनगर में हादसा हुआ। हादसे में रामसूरत पांडेय और उनकी पत्नी गीता पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गईं। बेटा गौरव भी चोटिल हुआ। आनन फानन वहां से एंबुलेंस से वे लोग लखनऊ के लिए रवाना हुए। लखनऊ में फैजाबाद रोड पर रात में जाम की जानकारी होने पर गौरव ने कहीं से एडीसीपी सेंट्रल चिरंचीव नाथ सिन्हा का नंबर अरेंज किया और उनसे मदद मांगी। कहा कि तत्काल माता पिता को मेदांता में भर्ती कराना है सर, मदद करें वहां अगर जाम की स्थिति हो तो उसे खुलवा दें।

एडीसीपी सेंट्रल ने एसीपी ट्रैफिक सैफुद्दीन से बात की और तत्काल ग्रीन कॉरीडोर बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद एक स्कोर्ट सफेदाबाद में लगाया गया। फैजाबाद रोड पर चिनहट और ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। बड़ी गाड़ियों को किनारे कराने के साथ ही रूट खाली कराया जाने लगा। शहीद पथ मेदांता के पास इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सिंह को लगाया गया। जगह-जगह रूट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एडीसीपी ने बताया कि रात करीब 11ः00 बजे एंबुलेंस जज और उनकी पत्नी को लेकर सफेदाबाद पहुंची। तुरंत स्कोर्ट देकर मेदांता की ओर रवाना किया गया। एंबुलेंस जिस चौराहे पर पहुंचने वाली होती वहां का ट्रैफिक कुछ देर के लिए रोक दिया जाता। 100 से अधिक रफ्तार से चल रही एंबुलेंस साथ में लगी पुलिस स्कोर्ट 11ः20 मिनट में मेदांता पहुंच गई। वहां आनन फानन जज और उनकी पत्नी को भर्ती कराया गया। उसके बाद तत्काल अस्पताल में इलाज शुरू हो गया। अब पती-पत्नी खतरे से बाहर हैं। 

chat bot
आपका साथी