लखनऊ: भाभी के कमरे में घुसा देवर, आबरू बचाकर भागी तो पति ने कहा- तलाक-तलाक-तलाक
लखनऊ के हसनगंज क्षेत्र की घटना। देवर ने भाभी के कमरे में घुसकर बंद कर दी कुंडी किया दुष्कर्म का प्रयास। विरोध पर पति ने कहा तलाक-तलाक-तलाक। पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के हसनगंज क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला प्रकाश में आया। यहां एक देवर ने अपनी भाभी के कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध कर आबरू बचाकर भागी। पति के पास पहुंची तो उसने तीन तलाक दे डाला। पीड़िता के मुताबिक, देवर अक्सर गलत काम करने का दबाव बनाता था। हालात की मारी पीड़िता ने पति और देवर समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कमरे में घुसा देवर और बंद कर दी कुंडी, किया दुष्कर्म का प्रयास...
पीड़िता के मुताबिक, बीते हफ्ते वह घर पर अकेली थी। इस बीच देवर कमरे में घुसा और कुंडी बंद कर दी। छेड़छाड़ करने लगा। वह बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही। विरोध पर उसने धमकी देते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह घर से भागकर खुद को बचाया। वह काफी डर गई। पति और परिवारीजनों के आने पर वह भी घर पहुंची, पर डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया। 14 जनवरी को उसने हिम्मत करके पति को देवर की करतूत के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पति आग बबूला हो गया। उसने परिवारीजनों और देवर के साथ मिलकर पत्नी को जमकर पीटा। फिर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। रोती हुई महिला अपने मायके चली गई। घरवालों को पूरी दास्तां बयां की। फिर थाने में जाकर तहरीर दी।
दहेज की मांग को लेकर अक्सर करे थे मारपीट, देवर बनाता था गलत काम का दबाव: पीड़िता के मुताबिक, 20 नवंबर 2016 में उसका निकाह हुआ था। इस दौरान मायकेवालों ने काफी दहेज भी दिया था। पर उसके बाद भी ससुरालीजन आए दिन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। कई बार मायकेवालों ने छोटी-छोटी मांगे पूरी भी की। इस माह से ससुरालीजन एक कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वह अक्सर मारपीट कर प्राड़ित करते थे। इसबीच देवर भी परेशान करने लगा। वह अक्सर गलत काम करने का दबाव बनाता था। इंस्पेक्टर अमरनाथ वर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर उसके पति, देवर समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। बुधवार को पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा।