सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया पिक्चर गैलरी का लोकार्पण, बोले- यूूपी विधान परिषद ने दी समृद्ध विरासत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सर्वाधिक सदस्य संख्या के साथ उत्तर प्रदेश का विधानमंडल देश में सबसे बड़ा है। अत्यंत गौरवशाली इतिहास वाली इस परिषद ने देश-दुनिया को समृद्ध विरासत दी है। पांच जनवरी 1887 को विधान परिषद का गठन किया गया था।

By Umesh Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 11:38 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 11:38 PM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया पिक्चर गैलरी का लोकार्पण, बोले- यूूपी विधान परिषद ने दी समृद्ध विरासत
यूपी विधान परिषद में चित्र वीथिका का लोकार्पण सभापति रमेश यादव व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कराए गए सुंदरीकरण और चित्र वीथिका का लोकार्पण मंगलवार को सभापति रमेश यादव व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। विधान परिषद के वर्तमान सदस्यों की पट्टिका का भी अनावरण किया गया। सीएम योगी ने विधानमंडल को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए परिषद के इतिहास पर भी प्रकाश डाला।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सर्वाधिक सदस्य संख्या के साथ उत्तर प्रदेश का विधानमंडल देश में सबसे बड़ा है। अत्यंत गौरवशाली इतिहास वाली इस परिषद ने देश-दुनिया को समृद्ध विरासत दी है। पांच जनवरी, 1887 को विधान परिषद का गठन किया गया था। उस समय उत्तर प्रदेश को उत्तर पश्चिम प्रांत और अवध प्रांत के नाम से जाना जाता था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिषद का 1887 से अब तक की यात्रा का अपना समृद्ध इतिहास रहा है। वर्ष 1937 में अपने गठन के बाद इसकी पहली बैठक तत्कालीन परिषद भवन के एक समिति कक्ष में हुई थी। तभी एक अलग मंडप का निर्माण शुरू कर दिया गया था, जो उसी वर्ष तैयार भी हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 15 से 17 वर्षों में यह विधान परिषद भवन अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा होगा। यहां से महामना पं. मदन मोहन मालवीय, पूर्व मुख्यमंत्री पं. गोविंद बल्लभ पंत, डॉ. संपूर्णानंद, सर तेज बहादुर सप्रू, प्रख्यात कवियत्री महादेवी वर्मा आदि का जुड़ाव रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में पारित अहम प्रस्तावों और विशेष सत्रों का भी उल्लेख किया। वहीं, चित्र वीथिका में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर के चित्र को देखकर कहा कि वीर सावरकर का व्यक्तित्व प्रत्येक भारतवासी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी