'चलो एप पोर्टल' से जुड़ेंगी लखनऊ की स‍िटी बसें, यात्री घर से न‍िकलने से पहले ले सकेंगे लोकेशन

पुरानी खटारा नगर बसों की तरह अधूरी जानकारी देने वाली बल्कि यह नगर बस की अपग्रेड वेबसाइट होगी। इसमें आ रही 100 स्मार्ट इलेक्ट्रिक सिटी बसों के अलावा 40 पुरानी ई-बसों को भी जोड़ा जाएगा। नगर बस प्रशासन वेबसाइट को स्मार्ट बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 12:08 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 07:25 AM (IST)
'चलो एप पोर्टल' से जुड़ेंगी लखनऊ की स‍िटी बसें, यात्री घर से न‍िकलने से पहले ले सकेंगे लोकेशन
नगर बस प्रशासन ने वेबसाइट को स्मार्ट बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। नगरीय परिवहन अपनी वेबसाइट को चलो एप पोर्टल से जोड़ रहा है। ट्रायल शुरू हो गया है। इसका फायदा दैनिक यात्रियों का होगा। यात्री घर बैठे ही बसों की लोकेशन प्राप्त कर अपनी सुविधानुसार यात्रा के लिए निकल सकेंगे। इसके अलावा ई-बसों के लिए इस नई वेबसाइट में कई अहम जानकारियां होंगी। नगर बसों के सभी रूट, नए बनाये जाने वाले मार्ग, समय-सारिणी, किराया, सुविधाओं के अलावा सिटी बसों से संबंधित तमाम जरूरी चीजें दैनिक यात्री चंद पलों में अपने मोबाइल से जान सकेगा। नई बसों के संचालन के लिए इस वेबसाइट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह वेबसाइट एलसीटीसीएल.को.इन (lctcl.co.in) होगी।

पुरानी खटारा नगर बसों की तरह अधूरी जानकारी देने वाली बल्कि यह नगर बस की अपग्रेड वेबसाइट होगी। इसमें आ रही 100 स्मार्ट इलेक्ट्रिक सिटी बसों के अलावा 40 पुरानी ई-बसों को भी जोड़ा जाएगा। नगर बस प्रशासन वेबसाइट को स्मार्ट बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। सौ नगर बसों के संचालन के साथ ही यह अपग्रेड वेबसाइट आमजन के लिए शुरू कर दी जाएगी। इसमें आमजन को नगर बसों से जुड़ी हर अहम जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। इसमें नगर बस के पूरे बेड़े का ब्यौरा दर्ज रहेगा। खास बात यह होगी कि इस बार बनाई जाने वाली यह वेबसाइट दोभाषा में यानी हिंदी और अंग्रेजी में नगर बसों की जानकारी आमजन को देगी।

ये जानकारियां होंगी : इस वेबसाइट के जरिए सिटी बसों से जुड़े सभी रूट, नए बनाये जाने वाले मार्ग, समय-सारिणी, किराया, सुविधाओं के अलावा सिटी बसों से संबंधित आयोजित किए जाने वाले इवेंट आदि की पूरी जानकारी आसानी से हासिल हो सकेगी। जो वेबसाइट चल रही है उसे संशोधन किया जा रहा है।

नगर बस बेड़ा : सिटी बस का मौजूदा बेड़ा 256 बसों का है। इनमें दुबग्गा डिपो में करीब 134 बसें हैं। इनमें 94 सीएनजी और 40 इलेक्ट्रिक बसें हैं। वहीं गोमतीनगर डिपो में 122 सीएनजी बसों का बेड़ा है। यह शहर के रूटों पर संचालित होती हैं।

स्मार्ट सिटी के अनुरूप स्मार्ब वेबसाइट बनाई जा रही है। इसमें बड़े बदलाव किए गए हैं। नगर बसों से जड़ी सभी अहम जानकारी होंगी। दैनिक यात्री किराया, बस कहां पर है और कितनी देर में पहुंच रही है, इसके अलावा रूट की जानकारी चंद पलों में मोबाइल पर हासिल कर सकेंगे। -पल्लव बोस, प्रबंध निदेशक सिटी बस

chat bot
आपका साथी