UP CoronaVirus News Update : यूपी सरकार के मंत्री चेतन चौहान कोरोना पॉजिटिव, सपा MLC सुनील सिंह 'साजन' भी संक्रमित

UP CoronaVirus News Update उत्तर प्रदेश में जुलाई में ज्यादा मरीज मिलने के एक के बाद एक रिकार्ड टूट रहे हैं। शनिवार को रिकार्ड 1403 नए मरीज मिले।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 11 Jul 2020 01:13 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 01:06 AM (IST)
UP CoronaVirus News Update : यूपी सरकार के मंत्री चेतन चौहान कोरोना पॉजिटिव, सपा MLC सुनील सिंह 'साजन' भी संक्रमित
UP CoronaVirus News Update : यूपी सरकार के मंत्री चेतन चौहान कोरोना पॉजिटिव, सपा MLC सुनील सिंह 'साजन' भी संक्रमित

लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहा है। जुलाई में ज्यादा मरीज मिलने के एक के बाद एक रिकार्ड टूट रहे हैं। शनिवार को रिकार्ड 1403 नए मरीज मिले। बीते 24 घंटे में सर्वाधिक 42,354 नमूनों की जांच भी की गई। इससे पहले शुक्रवार को 1347 मरीज मिले थे। वहीं 25 और लोगों की जान इस खतरनाक वायरस ने ले ली। अब तक कुल 913 लोग कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ चुके हैं। वहीं अब एक्टिव केस बढ़कर 11,490 हो गए हैं और अब तक कुल 22,689 मरीज स्वस्थ हुए चुके हैं। कोरोना से अब तक कुल 35,103 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 

कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री चेतन चौहान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शनिवार को वह संक्रमण की जद में आ गए। शुक्रवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में यूपी के होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान की जांच की गई थी। निदेशक डॉ. डीएस नेगी के मुताबिक ट्रूनेट टेस्ट में मंत्री में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मुताबिक मंत्री चेतन चौहान को संजय गांधी पीजीआई में भर्ती करा दिया गया। उनके परिवार के लोगों के भी टेस्ट कराए जाएंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव, विधानमंडल दल के नेता राम गोविंद चौधरी के बाद अब एमएलसी सुनील सिंह साजन कोरोना वायरस के संक्रमण में हैं। 

डिप्टी सीएम की भतीजी व विधायक की भाभी कोरोना पॉजिटिव : प्रयागराज में शनिवार को 19 कोरोना पॉजिटिव मिले। संक्रमितों में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भतीजी व चायल विधायक संजय गुप्ता की भाभी भी शामिल हैं। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में डिप्टी सीएम की भतीजी व उनके पति, सास समेत कस्बे के छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को इलाज के लिए मंझनपुर पीएचसी के एल-1 अस्पताल में भर्ती करा दिया है। 

कौशाम्बी जिले में चायल से विधायक भारतीय जनता पार्टी के संजय कुमार के भतीजे के बाद घर के दो और लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण मिला है। कोखराज थाना के भरवारी क्षेत्र के निवासी विधायक की भाभी तथा रसोइया की कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। अयोध्या में कोरोना का 39 केस पॉजिटिव मिले। जिले में सबसे ज्यादा संख्या 21 यश पेपर मिल के कर्मचारियों की है। अब जिले में कोरोना पाजिटिव संख्या की बढ़कर 157 हो गई है। 

 

जुलाई में चार फीसद से बढ़कर 26 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़े केस

यूपी में कोरोना वायरस का संक्रमण का प्रसार तेजी से बढ़ रहा है। जुलाई में कोरोना ने तेजी पकड़ी है। 20 जून से 25 जून तक सिर्फ तीन प्रतिशत एक्टिव केस बढ़े। 25 जून से एक जुलाई के बीच एक्टिव केस में केवल चार फीसद की बढ़ोतरी हुई। मगर एक जुलाई से पांच जुलाई के बीच एक्टिव केस 18 फीसद बढ़े। पांच जुलाई से 10 जुलाई के बीच यह 26 प्रतिशत बढ़े। अभी तक करीब कुल 34 हजार लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।

होटल में पति-पत्नी साथ करा सकेंगे इलाज

लखनऊ के कई होटल को कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है। इसमें सिंगल व डबल बेड रूम होंगे। दोनों का न्यूनतम शुल्क होगा। वायरस की चपेट में आने वाले परिवार के सदस्य संग-संग इलाज करा सकेंगे। उन्हेंं अलग-अलग अस्पताल व वार्ड में भर्ती का झंझट खत्म होगा। पति-पत्नी या बच्चे बीमार होने पर डबल बेड रूम बुक कर एक साथ इलाज करा सकेंगे।

संत कबीरनगर में 25 व कुशीनगर में नौ और संक्रमित

पूर्वांचल में कोरोना वायरस का संक्रमण गोरखपुर तथा पास के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। संत कबीरनगर में 25 व कुशीनगर में नौ और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज से शनिवार को संत कबीरनगर के 275 नमूनों की जांच रिपोर्ट जारी हुई, जिसमें 250 नमूने निगेटिव और 25 पॉजिटिव आए। जिले में पॉजिटिव की कुल संख्या 367 हो गई है। इनमें से 235 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब तक सात संक्रमितों की कोरोना से मौत हुई है। कुशीनगर से जांच के लिए भेजे गए सभी नौ नमूने पॉजिटिव मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 227 हो गई है। इनमें से 118 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। यहां अब तक पांच की मौत हुई है।

मेरठ मे कोरोना से चार मौत, 115 पॉजिटिव

मेरठ मंडल में कोरोना का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। मेरठ के सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि कोरोना से तीन और लोगों की मौत हो गई। मौत का आंकड़ा 77 तक पहुंच गया है। 48 नए केस मिलने से संख्या 1405 हो गई है। 886 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं जबकि 442 सक्रिय हैं। बिजनौर में भी एक संक्रमित की मौत हुई। 13 नए केस मिलने से संख्या 401 हो गई। बुलंदशहर में 20 नए केस मिलने से संख्या 870 हो गई है। सहारनपुर में 16 नए केस मिलने से संख्या 516 हो गई। बागपत में 10 नए केस मिलने से संख्या 428 हो गई है। मुजफ्फरनगर में छह नए केस मिलने से संख्या 391 पहुंच गई। शामली में दो केस मिलने से संक्रमितों की संख्या 174 तक पहुंच गई है।

chat bot
आपका साथी