अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तय हुए दीप, वियतनाम और केन्या के राजदूत बनेंगे साक्षी
अयोध्या में बहुप्रतीक्षित दीपोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राम की पैड़ी पर दीपों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। रिकार्ड बनाने के लिए सात लाख 51 हजार दीपक को एक वक्त में जलाने का लक्ष्य है।
अयोध्या, जागरण संवाददाता। अयोध्या में बहुप्रतीक्षित दीपोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राम की पैड़ी पर दीपों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। पैड़ी के 32 घाटों पर इस बार नौ लाख दीपक बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। रिकार्ड बनाने के लिए सात लाख 51 हजार दीपक को एक वक्त में जलाने का लक्ष्य है। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी भी शामिल होंगे। वियतनाम और केन्या के राजदूत भी भव्य दीपोत्सव के साक्षी बनेंगे। एक नवंबर की शाम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार स्वयंसेवकों और समन्वयकों को टीशर्ट भी दी जाएगी। समन्वयकों और स्वयंसेवकों का परिचय पत्र भी बनाया गया है। इस बार परिचय पत्र पर नाम ङ्क्षप्रटेड है, जिससे परिचय पत्र के साथ छेड़छाड़ न हो सके। 12 हजार स्वयंसेवक, दो सौ समन्वयक और 32 पर्यवेक्षक दीपोत्सव का दायित्व संभालेंगे।
अधिकारियों ने लिया जायजाः दिव्य दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार की सुबह राम की पैड़ी पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। सीडीओ अनिता यादव, अवध विवि के नोडल अधिकारी प्रो. शैलेंद्र वर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल पटेल आदि ने इस दौरान जरूरी दिशा निर्देश दिए। नोडल अधिकारी प्रो. वर्मा ने बताया कि सभी घाटों की कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया गया है, जिससे समय से दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।
सबसे ज्यादा दीप वाले घाट
घाट नंबर एक पर 741 स्वयंसेवक सबसे ज्यादा साढ़े 55 हजार दीपक
घाट नंबर दस पर 718 स्वयंसेवी 53 हजार 800 दीपक
घाट संख्या नौ पर 698 स्वयंसेवक 52 हजार 350 दीपक
घाट नंबर सात पर 677 स्वयंसेवक 52 हजार दीपक
21वें और 22वें घाट पर पांच-पांच हजार दीपक