Kisan Mahapanchayat in Barabanki: हरख पहुंचे नरेश टिकैत बोले 'जिद छोड़े सरकार, जनता को परेशान करने से कुछ नहीं होगा हासिल'

Kisan Mahapanchayat in Barabanki भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश सिंह टिकैत ने हरख में आयोजित महापंचायत के दौरान दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि सरकार अपनी जिद छोड़े क्यों कि जनता को परेशान करने से कुछ हासिल नहीं होगा। जनता ही उसकी जान है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 12:16 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 04:51 PM (IST)
Kisan Mahapanchayat in Barabanki:  हरख पहुंचे नरेश टिकैत बोले 'जिद छोड़े सरकार, जनता को परेशान करने से  कुछ नहीं होगा हासिल'
बाराबंकी के हरख में आयोजित महापंचायत में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश सिंह टिकैत ।

बाराबंकी, जेएनएन। Kisan Mahapanchayat in Barabanki: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश सिंह टिकैत ने हरख में आयोजित महापंचायत के दौरान दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि सरकार अपनी जिद छोड़े क्यों कि जनता को परेशान करने से कुछ हासिल नहीं होगा। जनता ही उसकी जान है। उन्होंने कृषि कानूनों को समाप्त करने की मांग के सवाल पर कहा कि यह मेरी मांग नहीं मेरा हक है।कृषि सुधार कानूनों के नाम पर किसानों को बर्बाद करने की कोशिश है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों के इतने ही हितैषी होते तो तीन माह  से आंदोलन न चल रहा होता। सवा दौ सौ किसान शहीद न होते। उन्होंने कहा कि किसानों को खालिस्तानी, पाकिस्तानी आतंकवादी बताकर प्रधानमंत्री अपनी गरिमा न खोवें। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की किसानों के प्रति भूमिका पर उन्होंने कहा कि अभी उत्तर प्रदेश को हमने बाहर रखा है। कृषि सुधार कानूनों को समाप्त करने का मामला दिल्ली सरकार का है। 

यूपी बजट में आत्मनिर्भर किसान योजना शुरू किए जाने के सवाल पर भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि योजना बनाने ज्यादा उसके क्रियान्वयन पर ध्यान देना जरूरी होता है। इस योजना में क्या है कि अभी कुछ बताया नहीं गया है। उन्होंने कहा कि अभी आंदोलन चलेगा। यूपी में आज बाराबंकी के हरख से व आगरा में भी पंचायत हो रही है। अन्य जिलों में भी पंचायतें होंगी। कृषि सुधार कानूनों को समाप्त करने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री जी अच्छे राजा व शासक की तरह बात करें हम  बातचीत से पीछे नहीं है। उन्होंने मीडिया पर भी सवाल खड़े किए। टीवी चैनल का नाम लेते हुए कहा कि हमारी जो सच्चाई है उसे दिखाया जाए। एकतरफा रिपोर्टिंग नहीं की जानी चाहिए। देर शाम तक महापंचायत जारी है।

लड्डू से तौले जाएंगे नरेश टिकैत 

मंच के सामने एक बड़े तराजू की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें लड्डू के डिब्बे रखे हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत को लड्डुओं से तौलने की तैयारी है। युवा कार्यकर्ताओ ने अपने वाहन में तिरंगा झंडा भी लगाया है। हर तरफ से कार्यकर्ता धीरे-धीरे आ रहे हैं। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राम किशोर पटेल मंडल उपाध्यक्ष अयोध्या निसार मेहंदी जिला अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। जिला अध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को 12 बजे आना था, लेकिन कतिपय कारण करीब 1:30 बजे आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत में कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ भाकियू का जो आंदोलन चल रहा है, उस पर चर्चा होगी। स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी जिन किसानों का धान नहीं चला गया है वह भी पंचायत में रखा जाएगा। 

पंचायत को लेकर प्रशासन सतर्क: भाकियू की महापंचायत को लेकर प्रशासन सतर्क है। हरख में भाकियू का पंचायत स्थल चिनहट लखनऊ से हरख मार्ग पर है। पंचायत स्थल से जिला मुख्यालय की दूरी आठ किलोमीटर व चिनहट लखनऊ से दूरी करीब 20 किलोमीटर है। ऐसे में भाकियू की पंचायत में जुटने वाले कार्यकर्ता अपने नेताओं के आह्वान पर लखनऊ कूच कर सकते हैं ऐसी आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पंचायत के दृष्टिगत शांति व सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, मंगलवार को प्रदेश उपाध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा, युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह, जिला संरक्षक उत्तम वर्मा, जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूरा दिन रुककर तैयारियां कराई गई हैं।  महापंचायत में जनपद के अलावा लखनऊ, सीतापुर, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, गोंडा व बहराइच सहित आसपास के अन्य जिलों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी आ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी