लखनऊ में बस चालक और परिचालक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई, सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस

वृंदावन कालोनी सेक्टर छह स्थित पेट्रोल पंप के सामने रविवार को कार सवार युवकों ने हैदर गढ़ डिपो के बस चालक व परिचालक की पिटाई कर दी। आरोपितों ने दोनों को बस से खींच लिया और लाठी डंडे से उनपर हमला बोल दिया। महिला ने मारपीट का वीडियो बना लिया।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 10:20 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 10:20 PM (IST)
लखनऊ में बस चालक और परिचालक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई, सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
कई बार फोन करने के बावजूद पीजीआइ पुलिस दो घंटे बाद वहां पहुंची।

लखनऊ, जागरण टीम। वृंदावन कालोनी सेक्टर छह स्थित पेट्रोल पंप के सामने रविवार को कार सवार युवकों ने हैदर गढ़ डिपो के बस चालक व परिचालक की पिटाई कर दी। आरोपितों ने दोनों को बस से नीचे खींच लिया और लाठी डंडे से उनपर हमला बोल दिया। राहगीर महिला ने मारपीट का वीडियो बना लिया। आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद पीजीआइ पुलिस दो घंटे बाद वहां पहुंची। इसके बाद एक आरोपित को हिरासत में ले लिया।

हैदर गढ़ डिपो की बस में करीब 40 सवारियां बैठी थीं, जिन्हें लेकर चालक विवेक सुल्तानपुर जा रहा था। आरोप है कि स्कूटी सवार महिला को कार सवार ने टक्कर मार दी और भाग रहा था। इस दौरान महिला को चोटें भी आईं। कार के आगे बस थी। कार सवार ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। कुछ देर बाद ओवरटेक कर कार सवार ने बस के आगे गाड़ी रोक दी। नाराज कार सवार ने साथियों संग विवेक पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। परिचालक अनुराग सिंह को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद हमलावर भाग निकले। घटना से नाराज बस चालकों ने चक्का जाम कर दिया।

करीब ढ़ाई घंटे तक बसें सड़क पर खड़ी रहीं। इस बीच स्थानीय लोग लगातार पुलिस को फोन मिलाते रहे, लेकिन वहां कोई नहीं पहुंचा। दो घंटे बाद पुलिस पहुंची और किसी तरह जाम खुलवाया। इसके बाद चालक व परिचालक को मेडिकल के लिए भेजा गया। पुलिस एक राहगीर महिला की मदद से आरोपितों के घर तक पहुंची और मारपीट करने वाले मुख्य आरोपित योगेंद्र को पकड़ लिया। योगेंद्र घर में छिपा था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली। कार पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था। आरोपित ने नंबर प्लेट से उसे मिटाने की कोशिश की थी।

chat bot
आपका साथी