बलरामपुर में पांच दोस्त नहर में गए थे नहाने, सेल्फी लेने के प्रयास में दो की डूबने से मौत
उतरौला पंप नहर में नहाते समय बेपरवाही से मस्ती करना दो छात्रों को महंगा पड़ गया। रविवार दोपहर करीब तीन बजे उतरौला कोतवाली के सुभाषनगर निवासी रोहित कौशल व रफीनगर के रितिक कुमार की नहर में डूबने से मौत हो गई।
बलरामपुर, जागरण संवाददाता। उतरौला पंप नहर में नहाते समय बेपरवाही से मस्ती करना दो छात्रों को महंगा पड़ गया। रविवार दोपहर करीब तीन बजे उतरौला कोतवाली के सुभाषनगर निवासी रोहित कौशल व रफीनगर के रितिक कुमार की नहर में डूबने से मौत हो गई। साथ गए दोस्तों के सामने जब दोनों नहर के पानी में समा गए, तो उनके होश उड़ गए। बदहवास साथियों ने भोजपुर के ग्रामीणों को जानकारी दी, तो दोनों का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, अन्य तीन ने तैरकर अपनी-अपनी जान खुद बचाई।
बताया जाता है कि महारानी लाल कुंवर महाविद्यालय के छात्र रितिक व रोहित अपने तीन अन्य साथियों के साथ गौरा चौराहा क्षेत्र स्थित उतरौला पंप नहर में नहाने गए थे। नहाते समय सभी दोस्त आपस में मस्ती करते हुए सेल्फी व वीडियो बना रहे थे। इसी बीच रितिक गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे डूबते देख रोहित उसे बचाने के लिए गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों दोस्ते नहर के पानी में डूब गए। साथ में नहा रहे अन्य दोस्त वहां से भागे-भागे बगल के भोजपुर गांव में पहुंचे। ग्रामीणों को रितिक व रोहित के नहर में डूबने की जानकारी दी। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को फोन करके घटना की सूचना दी। प़ुलिस के पहुंचने तक ग्रामीणों ने दोनों के शव को नहर से बाहर निकाल लिया। प्रभारी निरीक्षक चंद्रेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीराम यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष यादव व रणवीर सिंह ने ग्रामीणों व साथ नहा रहे दोस्तों से घटना की जानकारी ली। दो दोस्तों के नहर में डूबकर मरने की सूचना पहुंचते ही उनके घर में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है।