अवैध मतांतरण प्रकरण में एटीएस ने मांगा आरोपितों की संपत्तियों का ब्योरा, जांच के दायरे में कुछ बिल्डर्स भी

उत्तर प्रदेश एटीएस सहारनपुर के मौलाना कलीम सिद्दीकी व उसके साथियों की बीते कुछ वर्षों में खरीदी गई संपत्तियों की छानबीन कर रही है। जांच में मौलाना कलीम के नोएडा व मुजफ्फरनगर में जमीनों के अलावा कुछ अन्य संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई थी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 03:11 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 03:17 PM (IST)
अवैध मतांतरण प्रकरण में एटीएस ने मांगा आरोपितों की संपत्तियों का ब्योरा, जांच के दायरे में कुछ बिल्डर्स भी
कुछ बिल्डर्स का भी विवरण जुटाया जा रहा है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में लम्बे समय से चल रहे अवैध मतांतरण के मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की जांच तेज होती जा रहे है। बड़े पैमाने पर हुए अवैध मतांतरण में अब जांच एजेंसी विदेशों की फंडिंग से खरीदी गई कई संपत्तियों के साक्ष्य जुटा रही है। इसके लिए कई जिलों में जिलाधिकारियों से चिन्हित संपत्तियों का ब्योरा मांगा गया है। इसके साथ ही कुछ बिल्डर्स का भी विवरण जुटाया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश एटीएस सहारनपुर के मौलाना कलीम सिद्दीकी व उसके साथियों की बीते कुछ वर्षों में खरीदी गई संपत्तियों की छानबीन कर रही है। जांच में मौलाना कलीम के नोएडा व मुजफ्फरनगर में जमीनों के अलावा कुछ अन्य संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई थी।

एटीएस ने मौलाना कलीम की दिल्ली स्थित संस्था ग्लोबल पीस सेंटर के प्रबंधक सरफराज अली जाफरी से पूछताछ में भी बीते कुछ वर्षों में खरीदी गई संपत्तियों के बारे में अहम जानकारियां मिली थीं। मौलाना कलीम ने अपने ट्रस्ट के नाम खरीदी गई एक संपत्ति अपने बेटे को बेच भी दी थी। इनमें कई संपत्तियों के दस्तावेज भी एटीएस के हाथ लगे हैं। अब कई जिलों से इन संपत्तियों के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मौलाना कलीम के संपर्क में रहे कुछ बिल्डर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मूलरूप से अमरोहा निवासी सरफराज के बैंक खातों को भी खंगाला गया है।

उल्लेखनीय है कि एटीएस अवैध मतांतरण मामले में अब तक 80 करोड़ रुपये की फंडिग के साक्ष्य जुटाने का दावा कर रही है। इनमें मौलाना कलीम के ट्रस्ट को 22 करोड़ रुपये से अधिक की फंडिंग की गई थी। 

chat bot
आपका साथी