अमित शाह आज आएंगे लखनऊ, सदस्यता अभियान का शुभारंभ कर शक्ति केंद्र संयोजक व प्रभारियों को देंगे चुनावी मंत्र

भारतीय जानता पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ आ रहे हैं। वह यहां सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के साथ शक्ति केंद्र संयोजक और प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 12:16 AM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 07:06 AM (IST)
अमित शाह आज आएंगे लखनऊ, सदस्यता अभियान का शुभारंभ कर शक्ति केंद्र संयोजक व प्रभारियों को देंगे चुनावी मंत्र
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ आ रहे हैं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। भारतीय जानता पार्टी (बीजेपी) के 'चाणक्य' कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ आ रहे हैं। वह यहां सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के साथ शक्ति केंद्र संयोजक और प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद संगठन की अलग-अलग बैठकें लेंगे। कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देने के साथ ही वह प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारी सहित भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक कर अब तक तैयारियों की समीक्षा कर रणनीति पर चर्चा करेंगे।

भारतीय जानता पार्टी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सुबह 10.30 बजे चौधरी चरण हवाईअड्डा आएंगे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। यहां से शाह वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान पहुंचेंगे, जहां पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। साथ ही अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र (सेक्टर) संयोजक व प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे।

इसके बाद अमित शाह दोपहर लगभग एक बजे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। वहां पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, लोकसभा चुनाव 2019 के लोकसभा प्रभारी व संयोजकों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। उन्हें विधानसभा चुनाव-2022 में जीत का मंत्र देंगे। अंत में वह पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां प्रदेश प्रभारी, चुनाव प्रभारी, सहप्रभारी, प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

चूंकि, सभी सहप्रभारी आवंटित क्षेत्रों में लगातार दौरे कर रहे हैं, इसलिए उनसे फीडबैक लेंगे। इसके बाद कोर कमेटी के साथ बैठेंगे और फीडबैक के आधार पर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। शाह का रात्रि प्रवास लखनऊ में ही रहेगा। अगले दिन शनिवार सुबह उनकी दिल्ली रवानगी प्रस्तावित है।

chat bot
आपका साथी