All India Wrestling Competition: अमेठी में दूसरे दिन छाए रहे हरियाणा के पहलवान, जीते सात स्वर्ण

All India Wrestling Competition राष्ट्रीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर के मुताबिक फ्री स्टाइल के 57 किलो वर्ग में महाराष्ट्र के सौरव को स्वर्ण हरियाणा के कुलदीप को रजत यूपी के सतेंद्र व दिल्ली के अभिषेक को कांस्य मेडल मिला।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 10:17 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 01:11 AM (IST)
All India Wrestling Competition: अमेठी में दूसरे दिन छाए रहे हरियाणा के पहलवान, जीते सात स्वर्ण
महाराष्ट्र, पंजाब, एसएससीबी व यूपी को एक-एक गोल्ड। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 44 पदक बटोरे पहलवानों ने।

अमेठी, जागरण संवाददाता। कौहार के सैनिक स्कूल परिसर में चल रही तीन दिवसीय अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को हरियाणा का दबदबा रहा। हरियाणा ने सर्वाधिक सात पदक जीते। प्रतियोगिता में पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्ग में 44 पदक बटोरे। ग्यारह कैटेगरी में से हरियाणा के पहलवानों ने सात स्वर्ण झटके। वहीं पंजाब, यूपी, महाराष्ट्र, सर्विसेज-सेना के खिलाडिय़ों को एक-एक सोने पर संतोष करना पड़ा। मुख्य अतिथि कानून व न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट ने पहलवानों से परिचय प्राप्त किया।

राष्ट्रीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर के मुताबिक फ्री स्टाइल के 57 किलो वर्ग में महाराष्ट्र के सौरव को स्वर्ण, हरियाणा के कुलदीप को रजत, यूपी के सतेंद्र व दिल्ली के अभिषेक को कांस्य मेडल मिला। 70 किलो वर्ग में हरियाणा के नवीन को स्वर्ण, दिल्ली के सौरव को रजत, यूपी के मुलायम व सर्विसेज के पवन को कांस्य मिला। 86 किग्रा वर्ग में पंजाब के संदीप ने सोना, चंडीगढ़ के मंजीत ने चांदी, राजस्थान के तेजपाल और दिल्ली के आशीष ने कांस्य जीता।

ग्रीको रोमन शैली के 72 किलो वर्ग में हरियाणा के विकास ने सोना, बिहार के विकास कुमार ने चांदी, राजस्थान के सुमित जैन व पंजाब के लवप्रीत ने कांस्य झटका। 77 किलो वर्ग में हरियाणा के साजन को स्वर्ण, राजस्थान के छगन को रजत, कटक के हुलाबाशु व महाराष्ट्र के गोकुल को कांस्य प्राप्त हुआ। 82 किलो वर्ग में हरियाणा के रोहित को सोना, दिल्ली के नीरज को चांदी और सर्विसेज के संजीत व राजस्थान के राहुल को कांस्य हासिल हुआ। 97 किलो वर्ग में सर्विसेज के दीपांशु ने जहां स्वर्ण और यूपी के वीस कुंदू ने रजत पर कब्जा जमाया। वहीं हरियाणा के नीतेश व पंजाब के नरेंद्र कीमा को कांस्य से ही संतोष करना पड़ा ।

महिला रेसलि‍ंग के 53 किलो वर्ग में हरियाणा की नीतिका ने सोना व एमपी की गेसू ने चांदी जीती। कटक की श्वेता व दिल्ली की उन्नति को कांस्य मिला। 65 किलो वर्ग में हरियाणा की निशा ने स्वर्ण, पंजाब की जसप्रीत ने सिल्वर, कटक की लीना व उत्तराखंड की तरन्नुम को कांस्य हासिल हुआ। 72 किलो वर्ग में यूपी की दिव्या काकर ने सोना पाकर जलवा बिखेरा। हरियाणा के हनी की चांदी रही। वहीं, पंजाब की जसबीन और उत्तराखंड की प्रियंका ने कांस्य जीता। खेल अंतिम दिन रविवार को कुश्ती की तीनों शैलियों के शेष आठ भार वर्ग की प्रतियोगिता होगी।

chat bot
आपका साथी