आराध्य के दर्शन कर नव वर्ष की शुरुआत...भगवान राम, कान्हा व भोले की नगरी में भक्तों की लगी कतार

Happy New Year 2020 आस्थावान लोगों ने अपने आराध्य के दर्शन कर बुधवार को नव वर्ष की शुरुआत की। सुबह से ही उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में भक्तों की कतार देखी गई।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 01 Jan 2020 11:25 AM (IST) Updated:Wed, 01 Jan 2020 11:40 AM (IST)
आराध्य के दर्शन कर नव वर्ष की शुरुआत...भगवान राम, कान्हा व भोले की नगरी में भक्तों की लगी कतार
आराध्य के दर्शन कर नव वर्ष की शुरुआत...भगवान राम, कान्हा व भोले की नगरी में भक्तों की लगी कतार

लखनऊ, जेएनएन। आस्थावान लोगों ने अपने आराध्य के दर्शन कर बुधवार को नव वर्ष की शुरुआत की। सुबह से ही उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में भक्तों की कतार देखी गई। मंदिरों में नव वर्ष की पूर्व संध्या से ही भक्ति की धारा प्रवाहित होती रही। कान्हा की नगरी, प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या या फिर भोले की नगरी काशी में साल के पहले दिन सुख-समृद्धि की कामना लेकर लोग भक्ति भाव से पहुंचे।  

बुधवार सुबह श्रद्धालुओं का हुजूम बांकेबिहारी मंदिर की ओर उमड़ पड़ा। नव वर्ष की पहली सुबह सबसे पहले अपने आराध्य के दर्शन किये। देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए ब्रज आस्था का केंद्र बन गया है। यहां हर ओर जय कन्हैया लाल के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। गोवर्धन परिक्रमा और मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लग गई हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारिकाधीश मंदिर में भी दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मथुरा के हर मंदिर, मठ और आश्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। होटल-गेस्टहाउसों में भी हाउसफुल के बोर्ड लग चुके हैं। मंगलवार सुबह पंचकोसीय परिक्रमा में बनी मानव श्रृंखला के बाद से ही मंदिरों में भी दर्शन के लिए भक्त जुटना शुरू हो गए। वृंदावन में सुबह बांकेबिहारीजी मंदिर के पट खुले तो हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम मंदिर में प्रवेश कर गया। मंदिर में आज वन-वे रूट से श्रद्धालुओं को प्रवेश मिला तो गेट संख्या चार पर भक्तों को निकालने के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात रहे। इसी तरह इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर में भी रिकॅार्ड श्रद्धालु आए।

पहले दिन उत्सव के साथ बिखरी पूजन-भजन की छटा

अयोध्या में चैत्र माह के नववर्ष की प्रधानता है, लेकिन हर उत्सव को पूरे उल्लास के साथ मनाने वाली रामनगरी में वर्ष 2020 के अभिनंदन के लिए मंदिरों में खासी भीड़ उमड़ी। नए साल की शुरुआत पहले दिन भगवान की पूजा-अराधना से की गई। सरयूजी के दर्शन-पूजन और स्नान के उपरांत श्रद्धावनत अयोध्यावासी भगवद् भजन में नए साल के पहले दिन की शुरुआत की। गुप्तारघाट, कंपनी गार्डेन व अन्य उद्यानों एवं होटलों-रेस्त्रां में भी नए वर्ष का उल्लास नजर आया। पौराणिक महत्व की पीठ नाका हनुमानगढ़ी में उत्सव की शुरुआत ब्रह्म बेला से हो गई। मंगला आरती नित्य छह बजे की बजाय बुधवार को सुबह पांच बजे ही हो गई। नव वर्ष के ही उपलक्ष्य में हनुमानजी को सवा मनी भोग लगाया गया।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भोर से भक्तों का रेला

नये साल के पहले दिन काशीपुराधिपति का आशीर्वाद लेने के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भोर से रेला उमड़ा। मंगला आरती में टिकट न मिलने से तमाम लोगों को वंचित होना पड़ा तो द्रशन के लिए कतार भी बड़ी रही। संकट मोचन समेत अन्य मंदिरों में भी खूब भीड़ रही

chat bot
आपका साथी