डिफेंस एक्सपो में न्यू इंडिया की तस्वीर देखेंगे मेहमान, करतब दिखाएंगे वायुसेना के जहाज

रक्षा मंत्रालय अगले वर्ष पांच से नौ फरवरी तक राजधानी लखनऊ डिफेंस एक्सपो 2020 आयोजित करने जा रही है। कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में उत्तर प्रदेश सरकार भी जुटी है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 17 Nov 2019 06:03 PM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 06:23 PM (IST)
डिफेंस एक्सपो में न्यू इंडिया की तस्वीर देखेंगे मेहमान, करतब दिखाएंगे वायुसेना के जहाज
डिफेंस एक्सपो में न्यू इंडिया की तस्वीर देखेंगे मेहमान, करतब दिखाएंगे वायुसेना के जहाज

लखनऊ, जेएनएन। डिफेंस एक्सपो में दुनिया भर से जुट रहे मेहमानों को सरकार बदलते यूपी के साथ ही 'न्यू इंडिया' की तस्वीर दिखाना चाहती है। रक्षा उत्पाद से जुड़े कारोबारियों के सामने वायुसेना के जहाज और हैलीकॉप्टर न सिर्फ साहसिक करतब दिखाएंगे, बल्कि उनकी आवभगत में भी वायुयान आरक्षित रखे जाएंगे।

रक्षा मंत्रालय द्वारा अगले वर्ष पांच से नौ फरवरी तक राजधानी लखनऊ की वृंदावन योजना में डिफेंस एक्सपो आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में उत्तर प्रदेश सरकार भी जुटी है। केंद्र सरकार से मिली गाइड लाइन के अनुसार यहां कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई जा रही है। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने बताया कि कांग्रेस सरकार दुनिया को भारत की गरीबी और अक्षमता दिखाती रही है, जबकि मोदी सरकार सशक्त भारत की तस्वीर पेश करना चाहती है।

उन्होंने बताया कि डिफेंस एक्सपो भी ऐसा संदेश देने का बेहतरीन मौका है। पांच फरवरी को उद्घाटन होगा। शुरुआत के तीनों दिन व्यापारिक गतिविधियां होंगी। चौथे दिन यानी आठ फरवरी को लाइव डेमो होंगे। ग्वालियर और लखनऊ के बख्शी का तालाब एयरबेस से वायुसेना के हवाई जहाज, अमौसी हवाईअड्डे से हेलीकॉप्टर उड़ान भरेंगे। वह अपने करतब दिखाएंगे, जबकि नौसेना द्वारा गोमती रिवर फ्रंट से लाइव डेमो किया जाएगा।

मंत्री महाना ने बताया कि इसके अलावा मेहमानों को डिफेंस कॉरिडोर सहित सभी विकास परियोजनाएं दिखाने की पूरी तैयारी है। जरूरत के अनुसार हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर आरक्षित रखे जाएंगे। वह तुरंत ही मेहमानों को ले जाकर साइट विजिट कराएंगे।

पीएम के आने की संभावना

शुभारंभ समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का रहना तो तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि अभी उनका कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।

यह होगी कार्यक्रम की रूपरेखा

पांच फरवरी : एक्सपो को शुभारंभ, रक्षामंत्री की प्रेसवार्ता और मुख्यमंत्री द्वारा मेहमानों को भोज।

पांच, छह और सात फरवरी : व्यापारिक गतिविधियां, सेमिनार।

आठ फरवरी : वायुसेना और नौसेना द्वारा लाइव डेमो और समापन।

नौ फरवरी : आमजन के लिए रहेगा एक्सपो। 

chat bot
आपका साथी