UP: राशन की दुकानों पर दीपावली से पहले शुरू होगा निश्शुल्क अनाज वितरण, तीन किलो चीनी भी मिलेगी

Free Ration Distribution प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नवंबर के खाद्यान्न वितरण चक्र को पांच की बजाय तीन नवंबर से शुरू करने का निर्णय किया गया है। वहीं अंत्योदय कार्डधारकों को दिसंबर में मिलने वाली चीनी का वितरण भी तीन नवंबर से शुरू करने का निर्णय किया है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 10:57 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 09:24 AM (IST)
UP: राशन की दुकानों पर दीपावली से पहले शुरू होगा निश्शुल्क अनाज वितरण, तीन किलो चीनी भी मिलेगी
राशन दुकानों से अंत्योदय कार्डधारकों को दीपावली पर चीनी मिलेगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। दीपावली को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नवंबर के खाद्यान्न वितरण चक्र को पांच की बजाय तीन नवंबर से शुरू करने का निर्णय किया है। वहीं, अंत्योदय कार्डधारकों को दिसंबर में रियायती दर पर मिलने वाली तीन किलो चीनी का वितरण भी तीन नवंबर से शुरू करने का निर्णय किया है। आयुक्त खाद्य एवं रसद सौरभ बाबू की ओर से सभी जिलाधिकारियों को इस बारे में मंगलवार को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अपर खाद्य आयुक्त (वितरण) अनिल कुमार दुबे ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत महीने की पांच से 15 तारीख तक अनाज वितरण किया जाता था। इस बार दीपावली को देखते हुए नवंबर में योजना के तहत अनाज वितरण को दो दिन पहले यानी तीन नवंबर से शुरू करने का निर्णय हुआ है। उत्तर प्रदेश के सभी पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को तीन से 15 नवंबर तक की अवधि में प्रति यूनिट पांच किलोग्राम गेहूं निश्शुल्क दिया जाएगा।

त्योहार को देखते हुए ही अंत्योदय कार्डधारकों को अक्टूबर से दिसंबर तक की तिमाही के लिए दिसंबर में रियायती दर पर मिलने वाली तीन किलो चीनी का वितरण भी तीन नवंबर से शुरू किया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को यह चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी। चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं मिलेगी। अंत्योदय कार्डधारक अपनी मूल उचित दर दुकान से ही चीनी ले पाएंगे।

अपर खाद्य आयुक्त (वितरण) अनिल कुमार दुबे ने बताया कि दीपावली पर चीनी वितरण के लिए विपणन शाखा और आवश्यक वस्तु निगम को आवंटन के अनुरूप ब्लाक गोदामों में चीनी की उपलब्धता 31 अक्टूबर तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

chat bot
आपका साथी