कांग्रेस छोड़ फिर समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे पूर्व विधायक इमरान मसूद, अखिलेश यादव से करेंगे मुलाकात

पश्चिम उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक इमरान मसूद 25 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी में फिर शामिल होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद लंबे समय से समाजवादी पार्टी के पक्ष में बयान देते आ रहे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:00 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:00 AM (IST)
कांग्रेस छोड़ फिर समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे पूर्व विधायक इमरान मसूद, अखिलेश यादव से करेंगे मुलाकात
पश्चिम उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक इमरान मसूद 25 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी में फिर शामिल होंगे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। पश्चिम उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक इमरान मसूद 25 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी (सपा) में फिर शामिल होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद लंबे समय से समाजवादी पार्टी के पक्ष में बयान देते आ रहे हैं। उन्होंने पिछले दिनों यहां तक कहा था कि समाजवादी पार्टी को नजरअंदाज करना विपक्षी दलों के लिए नुकसानदेह साबित होगा।

पूर्व विधायक इमरान मसूद वर्ष 2007 में निर्दलीय विधायक चुने गए थे। इससे पहले नगर पालिका परिषद के चेयरमैन थे। वह उस समय सर्वाधिक चर्चा में आए थे, जब 2014 के लोकसभा चुनाव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विवादित टिप्पणी वाला वीडियो सामने आया था। पिछले काफी समय से कांग्रेस में रहने के बावजूद उनके बयान सपा के पक्ष में आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका वाड्रा के प्रयासों से कोई बड़ा फायदा होने वाला नहीं है। इसी से अंदाजा लगाया जा रहा था कि जल्द ही इमरान साइकिल की सवारी करने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव भी कांग्रेस के टिकट पर सहारनपुर से लड़ा था लेकिन हार गए थे।

सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक इमरान मसूद की समाजवादी पार्टी नेतृत्व से बात तय हो गई है। वह 25 अक्टूबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। इमरान पहले भी समाजवादी पार्टी में रह चुके हैं। हालांकि इमरान ने गुरुवार को फिर कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं और न ही मेरी समाजवादी पार्टी के नेताओं से कोई बात हुई है।

सात नवंबर को राम अचल व लालजी वर्मा होंगे शामिल : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के हाथी से उतर चुके पूर्व मंत्री एवं विधायक लालजी वर्मा व राम अचल राजभर अब समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार होने जा रहे हैं। बसपा से निष्कासित दोनों कद्दावर नेता सात नवंबर को शामिल होंगे। इस दिन अंबेडकरनगर में एक बड़ी जनसभा का आयोजन होगा, इसमें अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे।

इंटरनेट मीडिया एक्टविस्ट पूनम पंडित कांग्रेस में शामिल : किसान आंदोलन के दौरान चर्चित हुईं इंटरनेट मीडिया एक्टविस्ट पूनम पंडित ने अपने तमाम साथियों के साथ गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूनम पंडित ने कहा कि प्रियंका गांधी के रूप में प्रदेश में एक ऐसा नेतृत्व मिला है जिनकी ओर महिलाएं आशा भरी निगाहों से देख रही हैं।

chat bot
आपका साथी