Raebareli Rail Coach Factory: मोजांबिक भेजे जाने के लिए 12 डिब्बों की पहली रैक तैयार, जानिए क्या हैं आधुनिक कोच की खूबियां

दक्षिण पूर्वी अफ्रीकी देश मोजांबिक के लिए आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में बनने वाले डिब्बों की पहली रैक तैयार हो गई है। इसे बनाने में यात्रियों की सुविधाओं का खासा ख्याल रखा गया है। 12 डिब्बों की रैक को यहां से मुंबई तक सड़क फिर आगे जलमार्ग से भेजा जाएगा।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 03:12 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 04:13 PM (IST)
Raebareli Rail Coach Factory: मोजांबिक भेजे जाने के लिए 12 डिब्बों की पहली रैक तैयार, जानिए क्या हैं आधुनिक कोच की खूबियां
मोजांबिक देश के लिए 90 डिब्बों को बनाने का आर्डर आरेडिका रायबरेली को मिला था।

रायबरेली, संवाद सूत्र। दक्षिण पूर्वी अफ्रीकी देश मोजांबिक के लिए आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में बनने वाले डिब्बों की पहली रैक तैयार हो गई है। इसे बनाने में यात्रियों की सुविधाओं का खासा ख्याल रखा गया है। 12 डिब्बों की रैक को यहां से मुंबई तक सड़क, फिर आगे जलमार्ग से भेजा जाएगा। रसोईयान में खाना बनाने और वहीं पर बैठकर खाने की भी सुविधा रहेगी। अफ्रीकी देश में दौड़ने वाले यह पहले डिब्बे होंगे, जो पारंपरिक डिब्बों से हटकर जर्मन तकनीक लिंकहाफमैन बुश पर बने हैं। 

मोजांबिक देश के लिए 90 डिब्बों को बनाने का आर्डर आरेडिका को मिला था। इसमें 60 डिब्बे लोकोहाल्ड व 30 डिब्बे डेमू (डीजल इलेक्ट्रिकल मल्टिपल यूनिट) के बनने हैं। डेमू के सभी डिब्बे वातानुकूलित नहीं होंगे। लोकोहाल्ड के पहले 12 डिब्बों की रैक बनकर तैयार है। इसमें चार डिब्बे जनरल कोच, एक लगेज वैन, एक पावर कार, एक एसी टू टियर, दो एसी थ्री टियर व दो एसी चेयरकार के डिब्बे शामिल हैं। एक डिब्बा एसी कार (रेस्टोरेंट) तैयार किया गया है। इस रसोईयान में न केवल भोजन बन सकेगा, बल्कि 30 यात्री एक साथ बैठकर खा सकेंगे। इन डिब्बों के लिए इंजन वाराणसी स्थित लोकोमोटिव वर्कशाप में बन रहा है। बता दें कि इनमें नौ कोचों को अंतरराष्ट्रीय क्वालिटी सर्टिफिकेट का दर्जा दिया गया है। देश के लिए यह गौरव की बात है। 

चेन्नई से बनकर आए डेमू के शेलः भारत में मीटर गेज के डिब्बे बनते हैं, जबकि अफ्रीका में केप गेज की रेललाइन है, जो चौड़ाई में यहां से कम होती है। बताया गया कि डेमू डिब्बों के शेल (ढांचा) चेन्नई से बनकर आए हैं। यह माना जा रहा है कि अक्टूबर के दूसरे पखवारे में छह डिब्बे बनकर तैयार हो सकते हैं।

आरेडिका में तैयार किए गए डिब्बों का निरीक्षण करने 22 सितंबर को छह सदस्यीय टीम आ रही है। इसमें मोजांबिक देश के सीएफएम बोर्ड के चेयरमैन मिगुअल जोश माताबेल, कैबिनेट प्रमुख परिवहन एवं संचार मंत्री एंटोनियो मैनुअल मैट्यूज, कार्यकारी बोर्ड सदस्य वित्त अबूबकार एडामो मूसा आदि शामिल हैं। -वीके दुबे, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आरेडिका

chat bot
आपका साथी