फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम अब अयोध्या कैंट, यूपी सरकार ने जारी की अधिसूचना

यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 23 अक्‍टूबर को फैजाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का फैसला किया था। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Tue, 02 Nov 2021 12:52 AM (IST) Updated:Tue, 02 Nov 2021 08:39 AM (IST)
फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम अब अयोध्या कैंट, यूपी सरकार ने जारी की अधिसूचना
प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण ने बताया कि इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

लखनऊ, राज्‍य ब्‍यूरो। राज्य सरकार ने फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम परिवर्तित कर अयोध्या कैंट कर दिया है। प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण ने बताया कि विभाग की ओर से इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बता दें की योगी सरकार ने फैजाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का फैसला करने के साथ ही नाम बदलने के प्रस्ताव को केन्द्र सरकार के पास आधिकारिक अधिसूचना जारी करने के लिए भेजा था।  

यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 23 अक्‍टूबर को फैजाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का फैसला किया था। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदले जाने से पूर्व भी भारतीय इतिहास में बड़े नामवर लोगों के नाम पर सड़क, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों के नाम में परिवर्तन किया है।

बता दें की फैजाबाद जंक्‍शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने के लिए सांसद लल्लू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया था। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इससे पहले 2018 में फैजाबाद का नाम अयोध्या जनपद करने की घोषणा की थी। 6 नवंबर 2018 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या करने और जिले के प्रशासनिक मुख्यालय को अयोध्या शहर में स्थानांतरित करने को मंजूरी दी थी।

chat bot
आपका साथी