SAINA: बैडमिंटन कोर्ट की मेहनत को लखनऊ के ईशान ने रील लाइफ पर भी उतारा, साइना की बायोपिक में दिखेंगे

Saina Nehwal biopic SAINA फिल्म में साइना यानी परिणीति चोपड़ा के पति के रोल में लखनऊ के ईशान नकवी हैं। वह फिल्म में पी. कश्यप की भूमिका में हैं। मुंबई तथा पुणे में फिल्म की शूटिंग के दौरान ईशान नकवी बतौर स्पोट्र्स इंस्ट्रक्टर जुड़े थे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 22 Mar 2021 12:42 PM (IST) Updated:Tue, 23 Mar 2021 09:09 AM (IST)
SAINA: बैडमिंटन कोर्ट की मेहनत को लखनऊ के ईशान ने रील लाइफ पर भी उतारा, साइना की बायोपिक में दिखेंगे
बायोपिक 'साइना' में परिणीति चोपड़ा के साथ बतौर हीरो काम किया।

लखनऊ, जेएनएन। खेल विरासत में मिलने के बाद लखनऊ के ईशान नकवी ने लखनऊ के केडी सिंह 'बाबू' स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट में अपना जलवा बिखेरने के बाद खेल को और निखारने के लिए पुणे का रुख किया। बहन पारशा के साथ बैडमिंटन के अभ्यास के बाद समय मिलने पर गिटार पर भी हाथ आजमाया। इसके संगीत से ऐसा नाता जुड़ा कि दुनिया ही बदल गई। 'ईशान लाइव' यूट्यूब चैनल पर उनके गीतों के लाखों चहेतों ने इतनी शोहरत दी कि उन्होंने प्रख्यात बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की बायोपिक 'साइना' में परिणीति चोपड़ा के साथ बतौर हीरो काम किया। फिल्म 'साइना' 26 मार्च को रिलीज हो रही है और माना जा रहा होली के पर्व पर ईशान नकवी अपने चहेतों को रंगों से सराबोर कर देंगे।

अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन जगत में दो दर्जन खिताब अपने नाम करने वाली विश्व की पूर्व नम्बर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल की बायोपिक 'साइना' में परिणीति चोपड़ा ने उनका किरदार निभाया है। इस फिल्म में साइना के बैडमिंटन के हर मुकाम में दिखाया गया है। इसके साथ ही उनके प्रेम और फिर विवाह की कहानी भी है। फिल्म में साइना यानी परिणीति चोपड़ा के पति के रोल में लखनऊ के ईशान नकवी हैं।

वह फिल्म में पी. कश्यप की भूमिका में हैं। मुंबई तथा पुणे में फिल्म की शूटिंग के दौरान ईशान नकवी बतौर स्पोट्र्स इंस्ट्रक्टर जुड़े थे। इसके बाद उनका काम तथा संगीत व एक्टिंग के प्रति जुनून देख फिल्म के निर्माता व निर्देशक ने उनको लीड रोल में ले लिया। बैडमिंटन में शानदार करियर को ईशान नकवी अब रील लाइफ में भी जी रहे हैं।

फिल्म साइना के निर्देशक अमोल गुप्ता को बैडमिंटन की ट्रेनिंग से जुड़े पहलू समझाने के दौरान ईशान नकवी उनको कम्पलीट आलराउंडर लगे। इसके बाद उनका स्क्रीन टेस्ट लिया गया और उन्हेंं फिल्म में बतौर मुख्य अभिनेता शामिल कर लिया गया। लम्बे समय से अपने अपने यूट्यूब चैनल 'ईशान लाइव पर म्यूजिक, पर वीडियो अपलोड करने के साथ ही धूम मचा रहे ईशान नकवी को फिल्म साइना के सेट पर एक्टिंग के माहौल में ढलने में ज्यादा समय नहीं लगा। वह इस दौरान काफी निखरते चले गए।

फिल्म में ईशान की भूमिका की अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने काफी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैंने इस फिल्म में बैडमिंटन के बारे में जो कुछ सीखा और समझा है, उसमें ईशान की मुख्य भूमिका रही है। ईशान ने मुझे हर दिन करीब पांच से छह घंटा तक बैडमिंटन का अभ्यास कराया। वह खुद भी बैडमिंटन के अच्छे खिलाड़ी हैं, इसी कारण हमको इनका पूरा लाभ भी मिला है।

लखनऊ निवासी ईशान नकवी के पिता अशहर नकवी उत्तर प्रदेश के प्रख्यात फुटबाल कोच में गिने जाते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद से रिटायर अशहर नकवी के बेटे ईशान तथा बेटी पारशा सीनियर और जूनियर लेवल पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अशहर नकवी ने भी फुटबॉल के साथ ही हॉकी में प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया था।

ईशान ने लखनऊ से महाराष्ट्र का रुख किया। वह महाराष्ट्र में अंडर-16 और अंडर-19 बैडमिंटन चैंपियन बने। इसके बाद भारत की जूनियर टीम में खेलने का मौका मिला। बैडमिंटन के साथ ही वह अपने संगीत प्रेम को साथ में निखारते रहे। अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने पुराने गानों का रीमिक्स वर्जन पेश करने के साथ ही अपने कई ओरिजिनल गाने भी गाये हैं। उनके गानों के रीमिक्स पर यूट्यूब पर 3.4 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं। अपने गानों की शूटिंग की उन्होंने लखनऊ में की है।  

chat bot
आपका साथी